आगरा के सुभाष बाजार में बड़ा हादसा, नाले पर बनी दुकान बारिश में ढही, पांच लोगों के दबने की सूचना, चार को रेस्क्यू किया

आगरा, 08 जुलाई। थाना मंटोला के अंतर्गत सुभाष बाजार में बुधवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां नाले के ऊपर बनी एक दो मंजिला दुकान बारिश के दौरान भरभरा कर ढह गईं। शुरुआती खबरों के अनुसार मलबे में पांच लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। 
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दुकान के मलबे से चार लोगों को रेस्क्यू किया गया है। एक महिला को मलबे से निकालने हेतु एसडीआरएफ, दमकल, जिला प्रशासन, पुलिस की मौके पर कार्यवाही जारी है। हादसे से पूरे सुभाष बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भीड़ को दूर कर मलबे में लोगों की तलाश शुरू कर दी। 
हादसे में एक महिला के सिर में चोट आई है। अनीता नामक महिला अपनी अबोध पुत्री और मां गंगा देवी के साथ बाजार आई थी। उसकी पुत्री सुरक्षित है, मां की तलाश की जा रही है। अनीता थाना सैंया क्षेत्र के नगला तेजा की निवासी बताई गई है।
क्षेत्रीय लोग भी मलबा हटाने में प्रशासन की मदद में जुट गए। नगर निगम की टीम माैके पर पहुंच गई। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी  मनीष बंसल और डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास भी माैके पर पहुंच गए। रेस्क्यू टीम द्वारा युद्धस्तर पर राहत कार्य जारी है। घायलों को एम्बुलेंस द्वारा तत्काल जिला अस्पताल व एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments