आगरा-जयपुर राजमार्ग पर बस ने आगे चल रहे ट्रक में टक्कर मारी, नौ यात्री घायल

आगरा, 08 जुलाई। आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार की सुबह सड़क हादसे में नौ यात्री गंभीर घायल हो गए। यह हादसा थाना किरावली क्षेत्र में महुअर के पास हुआ, जहां किरावली की तरफ से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस ने आगे चल रहे ट्रक में टक्कर मार दी। 
टक्कर से बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहगीरों और अन्य यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए घायलों को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। बस में सवार एक यात्री ने बताया कि हादसा बस चालक की लापरवाही और अत्यधिक तेज गति के कारण हुआ। ट्रक सामान्य गति से चल रहा था। बस चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और बस ट्रक से जा टकराई। टक्कर से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। कई यात्रियों को सीटों और बस के ढांचे के बीच फंसने से चोटें आईं। 
बस में 50 से ज्यादा लोग सवार थे। अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, किरावली ले जाया गया, जहां डाक्टरों की टीम ने उनका उपचार किया।
घायलों में भरतपुर निवासी अभिमन्यु, शिखा और सुनील कुमार, डींग के सिनसिनी निवासी विजय, बहराइच निवासी राहुल प्रजापति, धर्मप्रकाश, नितिन कुमार और विजय तथा भरतपुर निवासी आशीष कुमार शामिल हैं। इस हादसे ने एक बार फिर आगरा-जयपुर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। 
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments