आगरा आए डॉ. सुधांशु त्रिवेदी बोले- अयोध्या में कथित चंदा चोरी की घटना से मैं आहत हूँ
आगरा, 01 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को यहां कहा कि वह स्वयं भी राम मंदिर आंदोलन से भावनात्मक रूप से जुड़े रहे हैं, इसलिए कथित चंदा चोरी की घटना उन्हें व्यक्तिगत रूप से आहत करती है। यह विषय प्रत्येक रामभक्त के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
कमलानगर स्थित राज्यसभा सदस्य नवीन जैन के निवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम का नाम लेने से पाप कटते हैं, लेकिन यदि किसी ने राम के धाम और राम के नाम पर ही पाप किया है तो उसे न राजदंड से बचाया जाएगा और न ही धर्मदंड से। किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई केवल भावनाओं के आधार पर नहीं बल्कि ठोस साक्ष्यों के आधार पर ही होनी चाहिए, ताकि न्यायालय में दोषियों को कठोर दंड सुनिश्चित किया जा सके।
विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि देश की जनता भली-भांति जानती है कि कौन वास्तव में भगवान राम की आस्था का सम्मान करता है और कौन राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस विषय का उपयोग कर रहा है।
उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से लेकर जयंती तक भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में जनजागरण अभियान चला रही है। इसी अभियान के अंतर्गत उनका आगरा प्रवास हुआ है।
देश की अर्थव्यवस्था पर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों पर डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) सहित अनेक वैश्विक संस्थाएं भारत को विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बता रही हैं। उत्तर प्रदेश भी वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments