तीन प्रतिष्ठानों पर छापा, पनीर और मिठाई के नमूने लेकर जांच को भेजे
आगरा, 01 जुलाई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा बुधवार को तीन प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर पनीर और मिठाई के नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को नियमानुसार सील कर परीक्षण हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में पिनाहट क्षेत्र के पडुआपुरा में कुलदीप परिहार के प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना लिया गया तथा पिनाहट के ही चम्बल रोड स्थित लज्जाराम वासुदेव प्रसाद गुजिया वाले के प्रतिष्ठान से गुजिया का नमूना संग्रहित किया गया। इसके अतिरिक्त पुरानी मंडी, ताजगंज स्थित अमित राठौर पुत्र बच्चू सिंह राठौर की मां पिताम्बरा डेयरी से भी पनीर का नमूना संग्रहित किया गया।
विभागीय टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह, राकेश कुमार यादव सुरेंद्र चौरसिया आदि रहे।
प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अन्तर्गत अग्रिम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त का कहना है कि जनपद में खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही निरन्तर जारी रहेगी।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments