तीन घंटे दहशत में रहा परिवार! बच्ची के अपहरण का पत्र भेज मांगी गई चालीस लाख की फिरौती, साढ़े तीन घंटे बाद वापस आई बालिका
आगरा, 10 जुलाई। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में प्रताप नगर स्थित माधव कुंज कालोनी निवासी एक परिवार की नौ वर्षीया बच्ची गायब हो जाने और फिरौती का पत्र मिलने से करीब तीन घंटे तक सनसनी फैली रही। लगभग साढ़े तीन घंटे बाद बच्ची अचानक घर लौट आई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरी कक्षा की छात्रा दिव्यांका को उसके पिता मनीष अग्रवाल शुक्रवार की शाम छह बजे घर के पास ही स्थित एक डांस एकेडमी में छोड़कर आए थे। शाम साढ़े सात बजे बच्ची की मां नेहा ने घर के गेट पर एक कागज पड़ा देखा। उस पर टाइप करके 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। कागज पढ़ने के बाद उनके होश उड़ गए।
पत्र में लिखा था कि आपकी बेटी हमारे पास है, बेटी को वापस पाना चाहते हो तो शनिवार सुबह चार बजे 40 लाख रुपये लेकर मोती कटरा में आ जाओ। बेटी को लेने केवल उसके माता-पिता के अलावा कोई और आया तो वह नहीं दी जाएगी। पुलिस को सूचना दी तो बेटी कभी आपको नहीं मिल पाएगी। कल सुबह पैसा लाओ और अपनी बेटी काे ले जाओ। मेरा बंदा आएगा बाइक से चेक करेगा और पिता को लेकर जाएगा।
फिरौती का पत्र मिलने पर परिवार दहशत में आ गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक करने में जुटी थी। इसी बीच करीब साढ़े तीन घंटे बाद बच्ची लौटकर घर वापस आ गई। घर पहुंचने के बाद से ही वह दहशत में है। अभी पुलिस ने उससे पूछताछ नहीं की है कि वह इतने समय तक कहां रही। परिवार वालों का कहना है कि उसे कुछ लोग अगवा कर ले गए थे। पुलिस पूरी जानकारी जुटा रही है।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया से कहा कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है। बच्ची के बयान दर्ज किए जाएंगे।
माधव कुंज निवासी बालिका के पिता मनीष अग्रवाल की प्रतापपुरा चौराहे पर भगवान की पोशाकों की दुकान है। नौ वर्षीया बेटी दिव्यांका ने पांच दिन पहले ही घर के पास स्थित डांस एकेडमी एमजे वायरस में डांस सीखने के लिए प्रवेश लिया था।
_______________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments