कपड़ा फैक्टरी के बेसमेंट में भरे पानी में उतरा करंट, ठेकेदार की मौत, श्रमिकों और परिजनों का हंगामा
आगरा, 10 जुलाई। एत्मादपुर क्षेत्र में भागूपुर स्थित एक कपड़ा फैक्टरी में शुक्रवार की सुबह विद्युत करंट लगने से मजदूरों के एक ठेकेदार की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजन और मजदूरों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए पांच घंटे तक फैक्टरी गेट पर शव रखकर हंगामा किया।
बताया गया है कि फैक्टरी के बेसमेंट में ही माल का गोदाम और सिलाई मशीनें लगी हैं, जहां मजदूर काम करते हैं। बारिश के कारण वहां जलभराव हो गया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राजपुर चुंगी निवासी 35 वर्षीय धीरज कुशवाह करीब 15 वर्षों से भागूपुर स्थित कमल हौजरी फैक्टरी में ठेकेदारी करता था। शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे फैक्टरी मालिक ने धीरज को जल्दी बुलाया था। लगातार दो दिन की बारिश के चलते फैक्टरी के बेसमेंट में पानी भर गया था। इसे पंपसेट से निकाला जा रहा था। इसी दौरान पानी में अचानक करंट दौड़ गया। करंट फैलने से करीब 20 मिनट पहले अन्य मजदूर बाहर निकल चुके थे। धीरज अंदर ही था, वह करंट की चपेट में आ गया।
चीख-पुकार सुनकर मजदूर और उसका भाई मौके पर पहुंचे। वे धीरज को अचेत अवस्था में अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक धीरज की शादी सात वर्ष पहले पूजा से हुई थी। उसके चार वर्ष का एक बेटा है।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद फैक्टरी मालिक मौके से फरार हो गया। इससे नाराज परिजन और मजदूर शव को फैक्टरी गेट पर रखकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी देर तक समझाने के बाद मामला शांत कराया।
एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि शांति व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस मौके पर मौजूद रही। दोनों पक्षों ने वार्ता कर लिखित समझौता कर लिया।
________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments