Agra News: खबरें आगरा की...
होटल, शोरूम वालों ने बंद कर दीं नालियां, सड़क में हो रहे गड्ढे, नगर आयुक्त से कार्रवाई की मांग
आगरा, 10 जुलाई। फतेहाबाद रोड के निकट सॉल्ट कैफे होटल से डबल ट्री हिल्टन होटल तक बनाई गई सड़क की दोनों ओर की नालियां होटल व शोरूम वालों द्वारा बंद कर दी गई हैं। इस कारण बरसात का पानी सड़क पर भरा रहता है तथा सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे प्रतिदिन तीन-चार लोग अपने वाहन सहित गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं।
यह आरोप क्षेत्रीय निवासी गिरधारी लाल भगत्यानी ने नगर निगम के आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को भेजी शिकायत में लगाया है। शिकायत में जनहित में इस समस्या का शीघ्र समाधान कराये जाने और नालियों को खुलवाकर सड़क की मरम्मत कराये जाने की मांग की गई है।
__________________________________________
आगरा मंडल व्यापार संगठन ने किया वृक्षारोपण
आगरा, 10 जुलाई। आगरा मंडल व्यापार संगठन ने संस्था के संस्थापक (देहदानी) गोविंद अग्रवाल की स्मृति में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन न्यू मार्केट जीवनी मंडी पर किया।
संगठन के कार्यवाहक अध्यक्ष गिरीश गोयल ने कहा कि संस्थापक की यादों को ताजा रखने के लिए इन पेड़ों का लगाया गया है जैसे-जैसे यह बड़े होंगे वैसे-वैसे उनकी यादें हमारे मन में बसी रहेंगी।
इस अवसर पर संगठन के राजकुमार अग्रवाल, अशोक गोयल, नीतू अग्रवाल, रिंकू अग्रवाल, चरणजीत टिम्मा, सौरभ अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, राजीव गुप्ता, राजेश मनचंदा, प्रदीप लूथरा, डीके जैन, राधेलाल अग्रवाल चक्की वाले, व न्यू मार्किट जीवनी मंडी ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष मनोज गुप्ता, डॉ नागेंद्र प्रताप, पदमचंद जैन, सलीम, हरिओम, मुन्नी बेगम दिनेश शुक्ला, मोहन धर्मानी, दीप गोयल, मनीष अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
__________________________________________
हरिनाम संकीर्तन करते हुए निकाली रथयात्रा की आमंत्रण यात्रा
आगरा, 10 जुलाई। करकुंज चौराहे से शुक्रवार को आमंत्रण यात्रा निकालकर श्रद्धालुओं ने इस्कॉन द्वारा बल्केश्वर महादेव मंदिर से 16 जुलाई को आयोजित की जा रही श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के लिए निमंत्रण दिया।
यात्रा का शुभारंभ करकुंज चौराहे से हुआ, जिसने कारगिल शहीद पेट्रोल पम्प होते पश्चिमपुरी चौराहे होते हुए शास्त्रीपुरम तक भ्रमण किया। ढोलक, मृदंग और मंजीरों की मधुर धुनों के साथ श्रद्धालु "हरे राम, हरे कृष्ण" के संकीर्तन का गायन करते हुए आगे बढ़े। यात्रा में शामिल श्रद्धालु पीले वस्त्र धारण किए हुए थे। भक्तों ने अपने सिर पर भगवान श्रीजगन्नाथ के विग्रह को श्रद्धापूर्वक विराजमान किया हुआ था।
विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। यात्रा में हिमांशु गुप्ता, केएन सिंघल, शैलेन्द्र अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, विकास बंसल आदि उपस्थित थे। इस्कॉन मंदिर आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि 11 जुलाई को आमंत्रण यात्रा शाम पांच बजे पीपल वाले गेट से प्रारम्भ होकर, सिंधी बाजार, रावतपाड़ा, दरेसी, मोतीगंज से बेलनगंज चौराहे तक जाएगी।
__________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments