फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल अध्यक्ष ने पीएमओ को भेजे सुझाव, अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति और छोटे व्यापारी की समृद्धि की वकालत
आगरा, 01 जुलाई। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह सोबती ने प्रधानमंत्री कार्यालय को एक पत्र भेजकर मुद्रास्फीति नियंत्रण और आपूर्ति श्रृंखला का सुदृढ़ीकरण, रोजगार अवसरों का विकेंद्रीकरण और कौशल विकास, पारंपरिक खुदरा व्यापार और असंगठित क्षेत्र को संरक्षण संबंधी कई सुझाव दिये हैं।
पत्र में कहा गया है कि मुद्रास्फीति नियंत्रण और स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला के सुदृढ़ीकरण से देश की वृहद आर्थिक मजबूती का लाभ आम उपभोक्ता की थाली तक स्पष्ट रूप से पहुँचेगा। इसके लिए वैश्विक कारकों से प्रभावित खाद्य वस्तुओं की कीमतों को स्थिर रखने हेतु एक प्रभावी 'स्थानीय मूल्य स्थिरीकरण तंत्र' विकसित किया जाना चाहिए।
पत्र में रोजगार के अवसरों के विकेंद्रीकरण और कौशल विकास क्षेत्रों में आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देते हुए पारंपरिक विनिर्माण और श्रम-प्रधान उद्योगों को और अधिक प्रोत्साहन दिये जाने की वकालत की गई। साथ ही पारंपरिक खुदरा व्यापार और असंगठित क्षेत्र को संरक्षण दिए जाने की मांग करते हुए कहा गया कि डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और यूपीआई की क्रांति ने छोटे व्यापारियों को नई शक्ति दी है। ऑनलाइन कॉर्पोरेट कंपनियों और स्थानीय पारंपरिक खुदरा व्यापारियों के बीच एक संतुलित 'प्रतिस्पर्धात्मक नीति' बनाई जाए। ढांचागत विकास के समय छोटे दुकानदारों की आजीविका प्रभावित न हो, इसके लिए समय-सीमा निश्चित कर प्रशासनिक अनुपालनों का सरलीकरण किया जाए।
पत्र में सुझाव दिया गया कि 'स्वदेशी और भारतीयता' पर आधारित विज़न-2047 विकसित भारत-2047 के रोडमैप में पूर्णतः स्वदेशी और 'कौटिल्य के अर्थशास्त्र' जैसे मौलिक भारतीय सिद्धांतों का समावेश किया जाए, जो हमारे गली-मोहल्ले के व्यापारियों और कुटीर उद्योगों को पूर्ण संरक्षण प्रदान कर सके।
पत्र में 'मेक इन इंडिया' और औद्योगिक प्रगति के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने हेतु प्लास्टिक अपशिष्ट के पुनर्चक्रण के लिए स्थानीय निकायों को वित्तीय व तकनीकी सहयोग दिये जाने और मिलावटखोरी के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाई जाने की वकालत भी की गई है।
कहा गया कि नीति आयोग के वृहद आर्थिक आँकड़े तभी पूर्णतः सार्थक सिद्ध होंगे जब उनका सीधा प्रभाव समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति और छोटे व्यापारी की समृद्धि के रूप में दिखाई देगा।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments