आधे से अधिक विभागों के अधिकारी नहीं आते, जिला वाणिज्य बंधु की बैठक में व्यापारियों ने रखी शिकायत
आगरा, 28 जुलाई। जिला कलक्ट्रेट स्थित सभागार में मंगलवार को हुई जिला वाणिज्य बंधु की बैठक में व्यापारियों ने अधिकारियों के न आने का मुद्दा उठाया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष जय पुरसनानी ने कहा कि आधे से अधिक विभागों से कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं आता। उन्होंने एडीएम से अनुरोध किया कि सभी विभागों के अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए जाएं।
पुरसनानी के अनुसार, बैठक में व्यापारियों द्वारा उठाई गईं विभिन्न समस्याओं पर बताया गया कि नगला मागरोल से लेकर ग्वालियर रोड पर रोहता तक मेन रोड से अंदर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित सभी कालोनियों में नाले का निर्माण मेन रोड तक एडीए करायेगा। संजय प्लेस में कपड़ा और जूता मार्किट के बाहर पार्किंग स्थल पर किसका अधिकार है इस पर नगर निगम और एडीए को दुकानदारों द्वारा साक्ष्य दिखाकर स्वामित्व तय होगा। शहर के बाजारों में 11 पार्किंग स्थलों पर अपर नगर आयुक्त के साथ निरीक्षण की रिपोर्ट भी बैठक में रखी गई। अपर नगर आयुक्त द्वारा बैठक में अवगत करवाया और जो जमीन अन्य विभाग की है उनसे एन ओ सी लेनी बाकी है।
बैठक में शाहजहां पार्क से पुरानी मंडी तक सड़क पर डिवाइडर लगाने की मांग भी रखी गई। नगला भोले वार्ड 55 के बारे में बताया गया कि सड़क और नाली के खड़ंजे के लिए 17 लाख 40 हजार रुपये का टेंडर किया गया है। भावना स्टेट से सिकंदरा की और लगे होर्डिंग से दुर्घटना को देखते हुए उन्हें हटाने के आदेश नगर निगम के द्वारा दिए गए। साईं की तकिया से नामनेर तक बृजेश पंडित की शिकायत पर अतिक्रमण हटाया गया।
नामनेर बाजार में नाले के पटाव का आगणन तैयार
फेडरेशन ऑफ आल इंडिया व्यापार मंडल के महामंत्री ब्रजेश पंडित के द्वारा उठाई गई नामनेर बाजार के नाले के पटाव की समस्या के लिए नगर निगम के अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि नाले की पैमाइश अधिशासी अभियंता ने करवा ली है और 9,15,800 रुपये का आगणन तैयार कर दिया है। शीघ्र ही टेंडर करवा कर कार्य सम्पन्न कराया जाएगा। ब्रजेश पंडित ने इससे पूर्व नाले पर जाली लगाने का सुझाव भी दिया।
बैठक का संचालन मृत्युंजय सिंह (D.C.Sib) ने किया। एसीपी अनुपमा, पूनम सिरोही, जिला वाणिज्य बंधु समिति के सचिव एम के सिंह, टोरेंट पावर कंपनी के अजय कुमार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। व्यापारियों में संजय अरोरा, सुनील गर्ग, राजेश राठौड़, राकेश अग्रवाल, अमित मोरियानी, नितिन अग्रवाल, राकेश बंसल, सुनील गर्ग उपस्थित रहे।
__________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments