नाले पर बनी दुकानों और जर्जर भवनों को नगर निगम ने जारी किए 40 नोटिस, हींग की मंडी में हैं ऐसी सर्वाधिक दुकानें

आगरा, 11 जुलाई। सुभाष बाजार में नाले पर बनी दुकान के ढहने के बाद सक्रिय हुए नगर निगम ने 40 भवन स्वामियों और किरायेदारों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें नालों पर अवैध निर्माण और जर्जर भवन शामिल हैं। बारिश के मौसम में इनमें हादसों की आशंका है। हींग की मंडी में सर्वाधिक दुकानें नाले के ऊपर बनी हुई हैं।
नगर निगम ने तत्काल प्रभाव से जर्जर भवनों की आवश्यक मरम्मत, खतरनाक हिस्सों को हटाने तथा नालों पर अतिक्रमण को ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस के अनुसार, यदि भवन स्वामी ने तय समय में ऐसा नहीं किया गया तो ऐसे भवन नगर निगम गिराएगा और इसका खर्च संबंधित पक्षों से वसूलेगा। 
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है कि नगर निगम की टीमें लगातार ऐसे भवनों और अवैध निर्माणों की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने नागरिकों से कहा है कि अगर उनके आसपास कोई भवन जर्जर स्थिति में है या किसी नाले पर अवैध निर्माण है, तो इसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दें।
नगर निगम के निर्माण विभाग ने उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1959 की धारा 331(1) के अंतर्गत जिन भवनों को नोटिस जारी किए उनमें लोहामंडी जोन में नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी स्थित रेखारानी, धीरज वर्मा तथा प्रताप नगर में शकुंतला देवी को जर्जर भवनों को तत्काल सुरक्षित कराने के निर्देश दिए हैं। 
हरीपर्वत जोन में घटिया आजम खां क्षेत्र स्थित मुरारीलाल और ताज प्रेस क्लब के निकट स्थित पिंकी को नोटिस दिया गया है। 
छत्ता जोन में 28 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें हींग की मंडी नाले के ऊपर अवैध रूप से संचालित दुकानों में जगदीश डेयरी, प्रिंस ट्रेडर्स, मो. कदीर, महेश, मोनू डिब्बे वाले, पूजा डेयरी एंड डेली नीड्स, एसपी ट्रेडर्स, जैन फुटवियर, जैन मोबाइल रिपेयरिंग, शिवाज शू मटेरियल एवं शिवम इंटरप्राइजेज, नाना सेल्स कंपनी, इंफ्रा टूर एंड ट्रैवल्स, एसआर कॉम्प्लेक्स, सनराइज फुटवियर, एएफ फुटवियर, ओम ट्रेडर्स, यूके फुटवियर, सुरेश चौधरी, सुरेश यादव मार्केट, हीरा शू, बीके शीट, 786 इंटरप्राइजेज, शुभम पेपर एजेंट, महाजन शू कंपनी, डिजायर फुटवियर, एचएम प्लाजा, शू हब मनी तथा आरएसएमके फुटवियर समेत अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं। ताजगंज में सोहल्ला क्षेत्र के बंटी और नीरज, बूंदुकटरा निवासी अनीता गुलाटी, हज्जूपुरा के रमाशंकर, श्यामलाल मार्ग स्थित भूपाल सिंह राठौर, ताजगंज स्थित जवाहर बिल्डिंग के राकेश कुमार को जर्जर भवन के लिए नोटिस भेजे गए हैं।
गौरतलब है कि सुभाष बाजार हादसे में प्रभावित कारोबारियों व नगर निगम अधिकारियों के साथ शुक्रवार को हुई बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्पष्ट कहा कि नाले के ऊपर अब किसी दुकान का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। नाले पर जो दुकानें या भवन बने हैं, उन पर बुलडोजर चलाया जाएगा। दुकानदारों को दूसरी जगह जाने को कहा गया। 
भारी बारिश की वजह से सुभाष बाजार में नाले पर बनी दुकान ढहने से महिला गंगा देवी लापता हैं। तीन दिनों से चल रही तलाश में अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। 
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments