Agra News: खबरें आगरा की....

टोरंट ने बमरौली कटारा में चलाया विद्युत सुरक्षा जागरूकता अभियान 
आगरा, 09 जुलाई। विद्युत वितरण कंपनी टोरेंट पावर द्वारा बमरौली कटारा ग्राम में गुरुवार को विद्युत सुरक्षा एवं ऊर्जा संरक्षण को लेकर जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। 
कंपनी के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विद्युत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिजली का सुरक्षित उपयोग ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। वे कभी भी टूटे हुए विद्युत तारों के संपर्क में न आएं, विद्युत लाइनों के नीचे निर्माण कार्य या पेड़ लगाने से बचें तथा किसी भी प्रकार की विद्युत खराबी की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें। साथ ही बच्चों को भी बिजली से जुड़े संभावित खतरों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में ऊर्जा संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अनावश्यक रूप से जल रहे बिजली के उपकरणों को बंद रखना, ऊर्जा दक्ष उपकरणों का उपयोग करना तथा बिजली की बचत करना न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी है बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
कार्यक्रम में देवेंद्र कटारा, सुरेंद्र कटारा, देवेन्द्र कटारा,  धर्मेंद्र जादोन, राकेश राणा, राकेश सिंह प्रधान, मनोज उपाध्याय, श्याम सिकरवार, ओमकार सिकरवार, आरिफ, सत्यभान, आकाश सिंह, अनुज कटारा, सोनू कटारा, सुनील कुमार, दीपक सिंह, शुभम शुक्ला, राजू तिवारी आदि क्षेत्रीय निवासी शामिल हुए। टोरेंट पावर के जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र सिंह, पवन चौधरी एजीएम सेफ्टी, अतुल मिश्रा, कुश मल्होत्रा और अन्य अधिकारी मौजूद रहे
__________________________________________
कांगड़ा से ज्वाला देवी की पावन ज्योत का आगरा में प्रवेश
आगरा, 09 जुलाई। ध्यानु भक्त मंडल के सदस्य हिमाचल प्रदेश में ज्वाला देवी की पावन ज्योत लेकर गुरुवार को यहां पहुंचे। श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों एवं माता के जयकारों के साथ ज्योत का स्वागत किया। घटिया आजम खां से फुलट्टी चौक तक शोभायात्रा निकाली गई। फुलट्टी चौक स्थित कुएं वाले मंदिर में विधि-विधान से पावन ज्योत स्थापित की गई।
ध्यानु भक्त मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 11 जुलाई को हनुमान मंदिर (कुएं वाला मंदिर), फुलट्टी चौक में महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। 12 एवं 13 जुलाई को प्रातः नौ बजे से यज्ञ एवं महायज्ञ संपन्न होंगे। 14 जुलाई, को दोपहर चार बजे से शोभायात्रा फुलट्टी चौक से प्रारंभ होकर मनकामेश्वर महादेव मंदिर, दरेसी, मोतीगंज, बेलनगंज एवं घटिया मार्ग से पुनः फुलट्टी चौक पहुंचेगी। शोभायात्रा में माता रानी की पालकी और डोले की प्रस्तुति रहेगी। इसी दिन प्रातः 11 बजे श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। 15 जुलाई की रात्रि में फुलट्टी चौक स्थित कार्यक्रम स्थल पर भजन गायकों द्वारा देवी जागरण आयोजित किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से मां की पावन ज्योत लाने में सोनू सारस्वत, नारायण भगत, यादराम शर्मा, मोनू शर्मा, देवेश गोयल, ध्रुव सारस्वत, नीरज कश्यप, अरुण वार्ष्णेय, हर्ष सोनी, सुमित, सौरव वार्ष्णेय, दीपक शर्मा, रोहित, राजेंद्र पाराशर, आशुतोष गौतम, सुमित चौधरी, सर्वेश वर्मा (पांडू भाई), ध्रुव अग्रवाल (हनी), नीरज, अजय का योगदान रहा।
__________________________________________
23 देशों के 65 सदस्यों ने ताज, किला विजिट के साथ मतदाता पंजीकरण एवं ईपीआईसी केंद्र, ईवीएम वेयर हाउस का किया भ्रमण
आगरा, 09 जुलाई। विभिन्न 23 देशों के 65 सदस्यीय विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जनपद भ्रमण किया। इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट नई दिल्ली (आईआईआईडीईएम) के तत्वावधान में क्षेत्रीय भ्रमण के अंतर्गत जनपद का दौरा किया।
प्रतिनिधिमंडल को ताजमहल, लालकिला विजिट के साथ मतदाता पंजीकरण एवं ईपीआईसी केंद्र, ईवीएम वेयर हाउस का भी भ्रमण कराया गया। प्रतिनिधिमंडल में पेरू, अल्बानिया, कजाकिस्तान नामीबिया, थाईलैंड, फिलीपींस, केन्या, सियरा लियोन, मंगोलिया, भूटान, श्रीलंका, ब्राजील, पापुआ न्यू गिनी आदि देशों के इलेक्शन संबंधी सदस्य शामिल थे।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से विदेशी प्रतिनिधिमंडल को तहसील सदर सभागार में मतदाता पंजीकरण एवं ईपीआईसी केंद्र के संचालन, ईवीएम के रखरखाव, सुरक्षा,वेयर हाउस आदि चुनावी प्रक्रिया तथा इलेक्शन कामकाज के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, एसडीएम सदर सचिन राजपूत, एसीएम नवोदिता शर्मा तथा संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
__________________________________________
पीएम के ऑस्ट्रेलिया दौरे में प्रतिनिधिमंडल में शामिल हुए पूरन डावर
आगरा, 09 जुलाई। डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लैदर इंडस्ट्री के चेयरमैन पूरन डावर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे में भारतीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने भारत–ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भविष्य की अर्थव्यवस्था पर शिक्षा के बारे में अपने विचार भी रखे। उन्होंने उद्योग और शिक्षा के बीच मजबूत साझेदारी की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल कक्षाओं में नहीं, बल्कि फैक्ट्रियों, डिजाइन सेंटरों, अनुसंधान प्रयोगशालाओं, लॉजिस्टिक्स पार्कों और इनोवेशन हब में भी व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलना चाहिए। 
उन्होंने कहा कि भविष्य केवल बुद्धिमान मशीनों का नहीं होगा, बल्कि उन लोगों का होगा जो मशीनों के साथ मिलकर नवाचार करना जानते हैं। उन्होंने शिक्षा को केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवनभर नवाचार और नेतृत्व की तैयारी बनाने का आह्वान किया।
__________________________________________
हैण्डिक्राफ्ट्स एक्सपोर्टस एसोसिऐशन ने किया वेबिनार 
आगरा, 09 जुलाई। हैण्डिक्राफ्ट्स एक्सपोर्टस एसोसिऐशन आगरा द्वारा FRIDAYY कम्पनी के साथ मिलकर एक वेबिनार का आयोजन किया गया। इस वैबीनार का मुख्य उद्देश्य संस्था के सदस्यों को डिजिटल प्लेटफार्म व ई-कॉमर्स से माल निर्यात करने की जानकारी देना रहा।
संस्था के डिजिटल मार्केट सैल के प्रमुख अतुल गुप्ता ने  बताया कि संस्था द्वारा हस्तशिल्प निर्यात प्रोत्साहन हेतू लगातार प्रयास किये जाते रहते हैं। अंकित अग्रवाल ने बताया कि उनकी कम्पनी अपने सदस्यों को विभिन्न डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से ऑन लाइन माल को बेचने में सहायता करती है। वेबिनार में अजय जैन, अनुराग मित्तल, नरेन्द्र वर्मा, सिद्वार्थ गुप्ता, अतुल खन्ना, गीता शर्मा, रीतेश गुप्ता, रवी वर्मा, ज्ञानेश, लक्षित मांगलिक, नौशाद हुसैन, ईशू गुप्ता, नवीन बंसल, एस के अग्रवाल, प्रवीन राजपूत, मुकुल बंसल ने भाग लिया। संचालन विकास कुलश्रेष्ठ ने किया।
__________________________________________
डीईआई ने मनाया "वन महोत्सव सप्ताह"
आगरा, 09 जुलाई। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में पिछले दिनों "वन महोत्सव सप्ताह" मनाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सप्ताह भर चले इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना था।
सप्ताह में डॉ. ललित मोहन और डॉ. अनुराधा ने 'पौधों के महत्व' व्याख्यान दिया। पोस्टर, निबंध, स्लोगन और भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। संस्थान के प्रांगण और आस-पास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए।  डॉ सनिल कुमार ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी।
__________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments