वाहन टैग व्यवस्था से नाराज व्यापारियों का गल्ला मंडी पर प्रदर्शन

आगरा, 09 जुलाई। ट्रांस यमुना क्षेत्र में स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति (गल्ला मंडी) में लागू की गई वाहन टैग व्यवस्था के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों ने मंडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए सरकार और मंडी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मंडी समिति के सचिव अजय प्रताप सिंह को ज्ञापन देकर वाहन टैग व्यवस्था को समाप्त करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान महावीर प्रसाद मंगल ने कहा कि बड़ी संख्या में व्यापारी अधिक शिक्षित नहीं हैं और उन्हें कंप्यूटर तथा मोबाइल आधारित तकनीकी प्रक्रियाओं का पर्याप्त ज्ञान नहीं है। हाल ही में लागू की गई वाहन टैग व्यवस्था व्यापारियों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। वाहन की ऑनलाइन टैगिंग, तकनीकी खामियां, सर्वर की दिक्कतें और जटिल प्रक्रिया के कारण माल की आवक और निकासी प्रभावित हो रही है। व्यापारियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां बाधित हो रही हैं। इसका सीधा असर किसानों, व्यापारियों, परिवहनकर्ताओं और ग्राहकों पर पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि वाहन टैग व्यवस्था को तत्काल समाप्त किया जाए। यदि विभाग इस व्यवस्था को जारी रखना चाहता है तो पहले व्यापारियों को पर्याप्त प्रशिक्षण दिया जाए, प्रक्रिया को सरल बनाया जाए तथा तकनीकी खामियों का स्थायी समाधान किया जाए। यदि सरकार और मंडी प्रशासन ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो उत्तर प्रदेश के व्यापारी एकजुट होकर प्रदेशव्यापी आंदोलन करेंगे। 
इस दौरान मयंक मंगल, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, राकेश खंडेलवाल, जयप्रकाश अग्रवाल, नरेश चंद्र गोयल, नवीन गोयल, नरेंद्र अग्रवाल, कपिल गर्ग, विशाल अग्रवाल, अखिल मंगल, पवन गोयल आदि व्यापारी मौजूद रहे।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments