आईएसबीटी के निकट दर्दनाक हादसा, कंटेनर के नीचे आकर बाइक सवार दंपत्ति की मौत
आगरा, 10 जुलाई। आगरा-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार की शाम एक बार फिर हुए जानलेवा सड़क हादसे बाइक सवार दंपत्ति की मौत हो गई। यह हादसा ट्रांसपोर्ट नगर से आगे आईएसबीटी कट पर हुआ। यहां बाइक सवार दंपत्ति को पीछे से आ रहे कंटेनर ने रौंद दिया। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई। महिला को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दमतोड़ दिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शाम करीब सवा छह बजे आईएसबीटी फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय कंटेनर ने आगे चल रहे बाइक सवार दंपत्ति को चपेट में ले लिया। कंटेनर की स्पीड थोड़ी तेज थी। आईएसबीटी के मोड़ पर रोडवेज बसों ने जगह घेर रखी थी। कंटेनर चालक ब्रेक नहीं लगा पाया और बाइक सवार दंपत्ति कंटेनर के नीचे आ गए। हादसा इतना भीषण था कि बाइक तीस मीटर तक घसीटती गई। मृतकों की शिनाख्त सिकंदरा निवासी अजय सिंह व पूजा देवी के रूप में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक सवार दंपति लॉयर्स कॉलोनी की ओर से सर्विस रोड से आईएसबीटी की ओर जा रहे थे। बाइक की रफ्तार तेज थी। वहीं, फ्लाई ओवर से कंटेनर आ रहा था। बाइक सवार सर्विस रोड से मुख्य सड़क पर आए। अचानक कंटेनर के सामने आने से चालक ब्रेक नहीं लगा पाया। इससे बाइक सवार कंटेनर के नीचे आ गए।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। वाहन चालकों ने वैकल्पिक रास्ते अपनाए तो अंदरूनी सड़कों पर जाम लग गया।
आईएसबीटी कट पर हर समय रोडवेज की बसें खड़ी रहती हैं। ऐसे में यहां से निकलने वाले अन्य वाहनों के लिए रास्ता काफी कम हो जाता है। फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय वाहनों की स्पीड थोड़ी अधिक भी हो जाती हैं। कई बार प्रशासन द्वारा बसों के इस तरह खड़े होने पर कार्रवाई की जाती है लेकिन कार्रवाई के अगले दिन ही इसी तरह से फिर से बसें खड़ी हो जाती हैं। आगरा मेट्रो के काम के चलते यहां बैरीकेडिंग भी लगी हुई है। गौरतलब है कि हाईवे के इस हिस्से में पहले भी एक्सीडेंट हो चुके हैं और लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments