बंद गोदाम से 59 बोरियों में 1755 किलोग्राम खेसारी दाल बरामद
आगरा, 10 जुलाई। खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को ग्राम नगला घुरैला, थाना कागारौल स्थित एक ताला बंद दुकान/ गोदाम में खेसारी दाल के भण्डारण होने के संदेह के आधार पर ताला तुड़वाकर निरीक्षण किया गया। इस दौरान गोदाम में 59 बोरियों (58 बोरियों में 30 किग्रा. प्रति बोरी एवं 01 बोरी में 15 किग्रा.) में भंडारित कुल 1755 किलोग्राम खेसारी दाल बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹1,40,400 आंकी गई।
नियमानुसार खेसारी दाल के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। शेष समस्त खेसारी दाल को विधिक प्रक्रिया के तहत सीज करते हुए भवन स्वामी करण सिंह पुत्र हाकिम सिंह, निवासी नगला घुरैला, थाना- कागारौल, की सुपुर्दगी में जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक सुरक्षित रखवा दिया गया ।
भवन स्वामी करण सिंह ने बताया कि उक्त गोदाम किराये पर दिया गया था तथा उसमें रखी खेसारी दाल के स्वामी/किरायेदार करीम खान पुत्र राम सिंह, निवासी ग्राम सिंहपुर, थाना रजावली, जनपद फिरोजाबाद हैं। करण सिंह ने बताया कि 19 मई को हुई प्रवर्तन कार्यवाही के बाद संबंधित व्यक्ति दोबारा गोदाम पर नहीं आया।
जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार, रवीन्द्र सिंह परमार, नायब तहसीलदार खेरागढ़ हरिशंकर दुबे तथा थाना कागारौल के उपनिरीक्षक अनिल कुमार शामिल थे।
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि यदि सीज की गई उक्त खेसारी दाल पर किसी व्यक्ति का वैध स्वामित्व अथवा दावा हो, तो वह इस सूचना के प्रकाशन की तिथि से 15 कार्यदिवस के भीतर कार्यालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, रोजगार कार्यालय परिसर, एम.जी. रोड, साईं की तकिया चौराहा, आगरा में समस्त अभिलेखों सहित अपना दावा प्रस्तुत कर सकता है ।
निर्धारित अवधि में कोई वैध दावा प्राप्त न होने अथवा दावे के निस्तारण के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों एवं विनियमों के अनुसार नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।
_________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments