सुभाष बाजार में दुकान ढहने से मलबे में दबी महिला का दो दिन बाद भी पता नहीं, परिजनों में आक्रोश, बाजार खोलने का विरोध
आगरा, 10 जुलाई। सुभाष बाजार में नाले पर बनी दुकान ढहने मलबे में दबी 60 वर्षीय महिला गंगा देवी का दो दिन बाद भी पता नहीं चल सका। गंगा देवी का कोई पता नहीं चलने से शुक्रवार को स्थानीय महिलाओं और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह बाजार में कुछ दुकानों के खुलने का विरोध करते हुए महिलाओं ने हंगामा किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह हालात पर काबू पाया।
लगातार खोजबीन में जुटी राहत व बचाव टीमों ने शुक्रवार की सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। नगर निगम द्वारा नाले के अंदर जेसीबी मशीन को उतारा गया। मशीन मलबा हटाकर महिला तलाश कर रही है। लगभग एक किमी के दायरे में नाले को खंगाला गया। सफाई कर्मचारियों ने घटनास्थल से लेकर यमुना में खुल रहे नाले के मुहाने तक इसे खंगाला। जेसीबी से कई जगह कचरा भी हटाया।
गौरतलब है कि विगत बुधवार की दोपहर बारिश के दौरान सुभाष बाजार जामा मस्जिद के पीछे नाले के ऊपर राधा स्वामी क्लॉथ स्टोर नाम से बनी दो मंजिला कपड़े की दुकान भरभराकर ढह गई। इसके मलबे में दुकानदार तुलाराम, उनका पौत्र कृष्णा, एक कर्मचारी लाला के अलावा खरीदारी करने आईं सैंया के नगला तेजा निवासी लखनऊ में तैनात सिपाही अनीता, उनकी मां गंगा देवी और डेढ़ साल की बेटी अनन्या दब गईं। अन्य को सुरक्षित निकाल लिया गया लेकिन गंगा देवी का पता नहीं चला।
गंगा देवी के परिजन और स्थानीय लोग लगातार प्रशासन से महिला को जल्द खोजने की मांग कर रहे हैं। दो दिन बीत जाने के बावजूद कोई ठोस जानकारी न मिलने से महिलाओं में भारी नाराजगी है। सुबह जब बाजार में कुछ दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान खोलने की कोशिश की तो महिलाओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कई महिलाओं ने प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि जब तक लापता महिला का पता नहीं चल जाता, तब तक बाजार नहीं खुलना चाहिए। गंगा देवी के परिजन हर गुजरते घंटे के साथ बेचैन हो रहे हैं। पूरे शहर की निगाहें अब रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं।
_________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments