साठ लाख का लोन चढ़ने पर सर्राफा कारोबारी ने रची चालीस लाख की फर्जी लूट!
आगरा, 14 जुलाई। सादाबाद के सराफा कारोबारी ने खुद पर साठ लाख रुपये का लोन हो जाने पर थाना खंदौली क्षेत्र में चालीस लाख रुपये की लूट की फर्जी कहानी गढ़ दी, लेकिन पुलिस के कड़ाई से पूछताछ करने पर फर्जी लूट का मामला खुलकर सामने आ गया।
खबरों के अनुसार, पुलिस ने तीन घंटे तक जमकर पूछताछ की तो असलियत सामने आ गई। पूछताछ में वह बार-बार बयान बदल रहा था। सादाबाद के सराफा कारोबारी रामवीर ने पुलिस को करीब तीन बजे सूचना दी कि खंदौली के बगलघूंसा पर बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार की दोपहर 40 लाख रुपये लूट लिए हैं। वह बाइक से किनारी बाजार चांदी खरीदने आ रहे थे। उनके पास बैग में 40 लाख रुपये थे। बगलघूंसा के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। अपनी बाइक बराबर में लाकर रामवीर को लात मारकर गिरा दिया। जिसके बाद तमंचा तानकर रुपयों से भरा बैग लूटकर भाग गए।
लूट की जानकारी होने पर थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। सराफा कारोबारी ने बताया कि लूटी गई रकम में 21 लाख रुपये उन्होंने लोन लिया था, जबकि 19 लाख रुपये दूसरे कारोबारियों के थे। वह अक्सर बाइक से खरीदारी करने किनारी बाजार जाते हैं। खंदौली की सीमा में आते ही बदमाश उनके पीछे लग गए थे। वारदात के दो घंटे बाद सूचना देने पर पुलिस को शक हुआ। डीसीपी आदित्य कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सराफा कारोबारी से पूछताछ की। वह बार-बार अपना बयान बदल रहा था। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि उस पर 60 लाख रुपये का लोन है। इस कारण उसने लूट की फर्जी कहानी बनाई थी।
डीसीपी ने मीडिया को बताया कि तीन टीमों को सीसीटीवी चेक करने को लगाया था। व्यापारी ने बताया था कि वह दो बैग लेकर निकला था। मगर, सीसीटीवी में दूसरा बैग नहीं दिखा। जिस व्यक्ति से रुपये लेकर आया था, उसने बैग उधारी चुकाने के लिए दे दिया था। दो लोगों को रकम वापस करनी थी, ऐसे में उसने कहानी रच डाली।
__________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments