आगरा, 15 जुलाई। छावनी परिषद कार्यालय में बुधवार की दोपहर जमीन विवाद को लेकर पहुंची महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान एक महिला ने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद महिला कर्मचारियों और अन्य स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए महिला को संभाला और अनहोनी होने से बचा लिया।
खबरों के अनुसार, बालूगंज क्षेत्र की रहने वाली कुछ महिलाएं अपनी जमीन से जुड़े विवाद के समाधान की मांग को लेकर छावनी परिषद कार्यालय पहुंची थीं। महिलाओं का आरोप था कि लंबे समय से मामला लंबित है, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने परिसर में विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान अचानक एक महिला अपने साथ लाई गई बोतल से पेट्रोल निकालकर खुद पर डालने लगी। महिला की इस हरकत को देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद महिला कर्मचारियों ने तुरंत दौड़कर उसे पकड़ लिया और उसे शांत कराने की कोशिश की।
कर्मचारियों ने बाल्टियों से महिला पर पानी डालना शुरू कर दिया। महिला पर करीब दस से पंद्रह बाल्टी पानी डाला गया, ताकि पेट्रोल का असर खत्म हो सके और कोई अप्रिय घटना न हो। इस दौरान महिला लगातार चीखती-चिल्लाती रही और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताती रही।
पूरे परिसर में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में कर्मचारियों और अधिकारियों ने किसी तरह महिला को शांत कराया। वहीं, अन्य प्रदर्शनकारी महिलाओं को कार्यालय परिसर से बाहर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि महिलाओं और संबंधित पक्ष के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है।
______