अकूत सोना, चांदी और नकदी मिली पूर्व एआरटीओ के घर से आगरा के भी रहे हैं तैनात
आगरा, 08 जुलाई। विजिलेंस टीम द्वारा आय से अधिक संपत्ति के मामले में लखनऊ में पकड़े गए पूर्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार आगरा में भी तैनात रहे हैं। वे आगरा से ही सेवानिवृत्त हुए थे। विजिलेंस टीम ने लखनऊ स्थित आवास पर छापा मारकर करीब 13 किलोग्राम सोना और नौ किलोग्राम की चांदी के साथ हीरे और अन्य कीमती आभूषण बरामद किए।
बरामद सोना चांदी और आभूषणों की अनुमानित कीमत 20 करोड़ रुपये आंकी गई। इसके अलावा दीवारों में छुपा हुआ करीब 1.62 लाख का कैश भी बरामद किया गया है।
वर्तमान में लखनऊ के अलीगंज में चंद्रलोक कॉलोनी स्थित सी 143 आवास में रहने वाले ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वर्ष 2024 में आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। कोर्ट से तलाशी वारंट मिलने के बाद सात जुलाई को विजिलेंस की टीम इनके घर छापा मारने पहुंची। टीम को 13 किलो सोना और करीब नौ किलो चांदी के साथ हीरे व अन्य कीमती आभूषण मिले हैं।
इसके अलावा वृंदावन योजना, इस्लाइलगंज, मोहनलाल गंज और बालकगंज समेत कई इलाकों में मकान, प्लॉट और कृषि भूमि के दस्तावेज मिले। नोएडा में दो फ्लैट की बुकिंग, बाराबंकी व रायबरेली में भी जमीन को कागजात बरामद हुए। इन अचल संपत्तियों की कीमत करीब 35 करोड़ रुपये बताई गई है। टीम को उनके पास टोयोटा इनोवा और हुंडई आई 20 कार, एक रिवॉल्वर तथा बैंक, पोस्ट आफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपोजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं।
______________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments