सुभाष बाजार में दुकान ढहने से मलबे में दबी महिला की तलाश जारी, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य विभागों की टीमें जुटीं, चार लोगों को बचाया गया

आगरा, 08 जुलाई। थाना मंटोला के अंतर्गत सुभाष बाजार में बुधवार की दोपहर दो मंजिला दुकान भरभराकर गिरने से मलबे में दबे चार लोगों को राहत और बचाव कार्य में लगीं टीमों ने कुछ ही देर में निकाल लिया लेकिन एक महिला का रात दस बजे तक कोई पता नहीं चल सका। 
दोपहर करीब तीन बजे हुए हादसे के बाद रात्रि में भी उसकी खोज का अभियान जारी था। सुभाष बाजार में नाले के ऊपर करीब आधा दर्जन दुकानें बनी हुई हैं। इनकी कमजोर स्थिति को लेकर बाजार कमेटी नगर निगम से शिकायत भी कर चुकी थी। दोपहर में इनमें से राधास्वामी क्लाथ स्टोर की दुकान अचानक ढह गई। 
रात्रि में भी राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ), फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य विभागों की टीमें महिला की खोज में लगी हुई थीं। अंधेरा होने पर सुभाष बाजार में नगर निगम ने उजाले की व्यवस्था की। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिया गया। सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। नाले में से मलबा निकालने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम लगभग 10 फीट गहरे नाले में भी उतरी।
एक प्रत्यक्षदर्शी दुकानदार ने बताया कि हादसा कुछ ही सेकेंड में हो गया। वह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान कुछ महिलाएं दुकान की ओर बढ़ीं और जैसे ही अंदर जाने के लिए कदम रखा, पूरी दुकान भरभराकर गिर गई। 
हादसा होते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और मलबे में फंसे चार लोगों को बाहर निकाला। इनमें एक स्टाफ कर्मचारी, एक दुकानदार और उसका बेटा शामिल था। नाले के अंदर मलबे में दबी महिला सैंया थाना क्षेत्र के नगला तेजा की रहने वाली 55 वर्षीया गंगा देवी बताई गई है। वह अपनी बेटी 25 वर्षीय अनीता और डेढ़ साल की नातिन के साथ सुभाष बाजार आई थी। अनीता और उसकी डेढ़ साल की अनन्या को बाहर निकाल लिया गया। गंगा देवी का पता नहीं चला। उनकी तलाश के लिए नाले में जमा मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन भी मंगाई गई। 
हादसे की सूचना मिलने पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के दुकानदारों और अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मीडिया से कहा कि चार लोगों को सकुशल रेस्क्यू किया जा चुका है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। एक महिला के और अंदर होने की संभावना बताई गई है। टीमें खोज में लगी हुई हैं। 
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments