विभव नगर में नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के खिलाफ दूसरे दिन भी आक्रोश, सड़क जाम कर नारेबाजी

आगरा, 07 जुलाई। ताजगंज क्षेत्र में विभव नगर चौराहे पर झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों ने मंगलवार को सड़क पर बांस-बल्ली डालकर जाम लगा दिया और सरकार व नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। इस दौरान करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। 
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार होटल अमर से राजपुर इंद्रापुरम तक मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के अंतर्गत सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास कार्य किया जा रहा है। फिलहाल होटल अमर से उपाध्याय हॉस्पिटल तक सड़क निर्माण का कार्य जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क किनारे बनी झुग्गी-झोपड़ियां, फुटपाथों पर किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण निर्माण कार्य में लगातार बाधा बन रहे थे। इसी वजह से सोमवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। टीम ने सोमवार को बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे बनी झुग्गी-झोपड़ियों और अस्थायी ढांचों को हटाया था। कार्रवाई के दौरान कई महिलाओं ने बुलडोजर के सामने खड़े होकर अभियान रोकने की कोशिश की थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ महिलाओं ने हाथों में डंडे और जूते-चप्पल लेकर नगर निगम की टीम का विरोध किया। चौधरी गार्डन क्षेत्र में लकड़ी के ढांचे तोड़े जाने पर भी स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान पूरा कराया गया।
मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने बिना पूर्व सूचना दिए उनकी झोपड़ियों पर बुलडोजर चला दिया। उनका कहना था कि कार्रवाई के दौरान उन्हें अपना सामान तक निकालने का अवसर नहीं मिला, जिससे घरेलू सामान नष्ट हो गया। 
कुछ प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के समय झोपड़ियों के अंदर छोटे बच्चे मौजूद थे। जाम की सूचना मिलते ही थाना ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें समझाकर सड़क खाली कराई। इसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
इस बारे में नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि कार्रवाई अचानक नहीं की गई, क्षेत्र में कई दिनों से लगातार मुनादी कर लोगों को अतिक्रमण स्वयं हटाने की चेतावनी दी जा रही थी। उन्होंने कहा कि बार-बार सूचना और अपील के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद नियमानुसार सोमवार को बुलडोजर कार्रवाई की गई। 
_____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments