चैंबर अध्यक्ष ने बताया सौ दिन का कार्यकाल- गेल गैस से राहत दिलाई, सेटेलाइट बस अड्डा प्रारंभ कराया, टीटीजेड पर गम्भीर पैरवी, इंडस्ट्री कॉनक्लेव समेत कई मोर्चों पर सक्रियता

आगरा, 10 जुलाई। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने अपने कार्यकाल के सौ दिन पूर्ण होने पर उपलब्धियां और गतिविधियों की जानकारी दी।
शुक्रवार को चैंबर के जीवनी मंडी स्थित सभागार में प्रेस वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि इस अवधि में गेल गैस उपभोक्ता इकाइयों को बड़ी राहत दिलाई गई। गैस बिलों पर अब कोई कोई कट नहीं लगेगा। चैम्बर के प्रयास से फाउंड्री नगर सेटेलाइट बस अड्डा प्रारंभ हो चुका है।औद्योगिक प्रतिष्ठानों तक सिटी बसों के संचालन कराये जाने के लिए भी चैम्बर ने पहल की है। टीटीजेड में उद्योगों को आ रही बाधाओं को दूर करने का चैम्बर द्वारा भरसक प्रयास किया जा रहा है। सर्वोच्च न्यायालय में भी पैरवी के लिए अधिवक्ता को नियुक्त कर दिया गया है। टीटीजेड एवं अन्य औद्योगिक समस्याओं को केंद्रीय उद्योग मंत्री पियूष गोयल के समक्ष उठाया गया।
उन्होंने कहा कि चैम्बर द्वारा प्रथम बार विजन 2047 - आगरा इंडस्ट्री कॉनक्लेव द्वारा औद्योगिक समस्याओं पर मंथन करने हेतु समस्त विभागाध्यक्षों को एक मंच पर लाया गया। निदेशक उद्योग कानपुर के सुझाव पर चैम्बर ने आगरा की शान बेढ़ई को ओडीओसी में शामिल किये जाने का प्रस्ताव भेजा है।
आगरा में व्हाइट कैटेगिरी/गैर प्रदूशणकारी उद्योगों को विद्युुत कनेक्शन देने हेतु मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, उपायुक्त उद्योग के साथ लगातार बैठकें आयोजित की गयी है। उम्मीद है टीटीजेड में सुनवाई हेतु निर्धारित तिथि 13 जुलाई को आगरा के उद्योगों के लिये अच्छे परिणाम सामने आयेेंगे। यमुनाब्रिज मालगोदाम पर पुनः सीमेन्ट की रैक प्लेस करने का प्रयास भी जारी है। 
अध्यक्ष ने कहा कि शहर में प्रथम बार केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटीक द्वारा चैम्बर के सदस्यों का सम्मान किया गया। यही नहीं, न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टोडी मैक्क्ले  द्वारा चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल को निर्यात के अवसर तलाशने हेतु न्यूजीलैंड आमंत्रित किया गया। उन्होंने बताया कि चैंबर के आगामी पांच अगस्त को स्थापना दिवस समारोह में देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार मुख्य अतिथि होंगे।
इसके अलावा तेल बचाओ मुहिम, स्वगणना की जानकारी, आयकर की नई जानकारी, मैट्रो की कार्ययोजनाओं की जानकारी, भारतीय मानक ब्यूरो पर भी सदस्यों को जागरूक किया गया।
चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि लैदर पार्क पर पेडों के कारण लगी रोक हटाने के लिये भी प्रयास किये जा रहे हैं। आगामी 17 सितम्बर सुनवाई की तिथि निर्धारित की गयी है। चैम्बर द्वारा जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर उद्योगों के हित में इस पर लगी रोक हटाने के लिये अपना पक्षा रखा जायेगा। 
प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष द्वय नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष केके पालीवाल, शांति स्वरूप गोयल, सीताराम अग्रवाल, योगेन्द्र सिंघल, अमर मित्तल, अनिल वर्मा, अतुल गुप्ता, श्रीकिशन गोयल, राजीव अग्रवाल, संजय गोयल भी मौजूद रहे।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments