Agra News: खबरें आगरा की....
डीएम ने कचरा प्रबंधन पर 15 दिन में सूची मांगी
आगरा, 07 जुलाई। जनपद में ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ और जवाबदेह बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को नगर निगम के स्मार्ट सिटी सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 पर क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित की गई।
बैठक में नए नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन, बड़े कचरा उत्पादकों की पहचान, अवैध डंपिंग पर रोक और ऑनलाइन निगरानी व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के सभी संबंधित विभाग अगले 15 दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्र के बल्क वेस्ट जनरेटर (बीडब्ल्यूजी) की सूची तैयार करें। इसमें बड़े होटल, अस्पताल, शिक्षण संस्थान, उद्योग, मॉल, मल्टीप्लेक्स, मैरिज होम, सरकारी कार्यालय, आवासीय परिसर और अन्य बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सभी चिन्हित संस्थानों को नए नियमों की जानकारी देकर उनका ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि अब ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं रहेगा, बल्कि सभी विभागों, स्थानीय निकायों, सेवा प्रदाताओं और नागरिकों को भी इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 का प्रत्येक स्तर पर शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
________________________________________
मांगलिक अवसर पर पौधे लगाकर करें देखभाल
आगरा, 07 जुलाई। जन कल्याण समिति आवास विकास कॉलोनी के तत्वावधान में मंगलवार को पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर 6 डी स्थित पार्क में पौधरोपण किया गया। इस दौरान कॉलोनी वासियों ने 25 से अधिक फलदार और छायादार पौधे लगाए।
समिति के संरक्षक विपिन शर्मा ने पौधों की देखभाल पर भी जोर दिया। अध्यक्ष पार्षद सुषमा जैन ने मांगलिक अवसरों पर पौधरोपण की अपील की। इस दौरान जन कल्याण समिति के महासचिव सौरव गुप्ता, कोषाध्यक्ष दीपेश अग्रवाल, वरिष्ठ संगठन सचिव गिरजा शंकर शर्मा, सचिव रूबी खुराना, महिला शाखा उपाध्यक्ष गीता दीक्षित सहित कॉलोनी के अनेक महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
________________________________________
विजय सामा फिर बने "द आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन" के अध्यक्ष
आगरा, 07 जुलाई। जूता व्यापारियों की संस्था "द आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन" का विजय सामा को दूसरी बार अध्यक्ष चुन लिया गया। हींग की मंडी स्थित सभागार में निर्वाचन अधिकारी चाँद दीवान और प्रदीप मेहरा ने विजय सामा को अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण करवाई। इस दौरान व्यापारियों ने उनका स्वागत किया।
शोभाराम पुरुषनानी, नरेंद्र पुरुषनानी, रंजीत सामा, एफमेक उपाध्यक्ष रूबी सहगल, टेकचंद, प्रमोद महाजन, अनिल अरोड़ा, दलप्रीत सिंह, संजय अरोड़ा, सोल एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, फोम एसोसिएशन के अध्यक्ष रामनाथ डंग, श्याम भोजवानी, संजय मगन, धर्मपाल कश्यप, गुन्नी भाई, राजू भाई, घनश्याम रोड़ा, चतरूमल, हितेश, अजय महाजन, हरीश वनजानी और घनश्याम लालवानी मौजूद रहे।
________________________________________
कोली गर्जना महासंघ ने मनाया स्थापना दिवस
आगरा, 07 जुलाई। मदिया कटरा में विगत दिवस हुए कोली गर्जना महासंघ के प्रथम स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज की एकता, शिक्षा, संगठन एवं सामाजिक उत्थान पर बल दिया।
कार्यक्रम में कैलाश माहौर, शंकरलाल माहौर, विजय माहौर, रोहित माहौर, अंकित माहौर, नीरज माहौर, दिनेश माहौर, देव माहौर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
________________________________________
कंगना रनौत के मामले में सुनवाई
आगरा, 07 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के विरुद्ध किसानों के अपमान एवं राजद्रोह के मामले में स्पेशल कोर्ट एमपी एमएलए अनुज कुमार सिंह की कोर्ट में बुधवार को सुनवाई होगी।
यह जानकारी वादी राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने दी। उन्होंने 6 जून, 2026 को अदालत में एक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था जिसमें कहा गया था की धारा 225 बी एन एस के तहत पुलिस द्वारा कोर्ट में अधूरी आख्या प्रस्तुत की गई है। जिस पर सुनवाई संभव नहीं है। अतः न्यायालय को इस मामले में स्वयं जांच के लिए विपक्षी को तलब कर बयान दर्ज करने चाहिए। कोर्ट ने प्रार्थना पत्र पर आठ जुलाई की तिथि नियत की थी।
________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments