गैस एजेंसी मालिक से मैनेजर ने सात लाख रुपये उधार लिए, फिर गोदाम से 708 एलपीजी सिलेंडर चोरी कर गायब हो गया!

आगरा, 04 जुलाई। थाना एकता क्षेत्र में स्थित एक गैस एजेंसी के मैनेजर ने पहले एजेंसी मालिक से सात लाख रुपये उधार लिए और फिर एक दिन मौका देखकर गोदाम से 708 एलपीजी सिलेंडर चोरी कर गायब हो गया। एजेंसी मालिक लोकेश कुमार ने थाने में दर्ज कराए मुकदमे में यह आरोप लगाया है। 
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सिकंदरा क्षेत्र में असोपा अस्पताल के पास नीरज नगर निवासी लोकेश कुमार की शहीद नगर में गैस एजेंसी है। एजेंसी का गोदाम एकता थाना क्षेत्र में देवरी रोड पर है। लोकेश ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले फतेहपुर सीकरी निवासी राहुल सिंह को गोदाम का मैनेजर नियुक्त किया था। लोकेश परिवारिक कारणों से बीस दिन से आगरा से बाहर थे। गोदाम पर लगे सीसीटीवी कैमरों से अपने मोबाइल फोन की मदद से नजर रखते थे। पिछली 25 जून को गोदाम के कैमरे बंद होने पर मैनेजर राहुल को कॉल की तो उसने बताया कि बिजली नहीं आ रही है। पांच दिन पहले आगरा लौटने पर उन्होंने राहुल को कॉल की तो उसका फोन बंद था। लगातार फोन बंद जाने पर वह एक जुलाई को गोदाम पर पहुंचे। वहां पर ताला लगा था।
उन्होंंने ताला तोड़कर गोदाम को चेक किया तो 708 एलीपीजी के खाली सिलेंडर कम थे। 
लोकेश कुमार का कहना है कि राहुल पूर्व में कई एजेंसी में काम कर चुका था। एक वर्ष के दौरान राहुल ने उनसे करीब सात लाख रुपये उधार लिए थे। यह रकम उसने बहन की शादी, पत्नी की डिलीवरी और मां के उपचार के नाम पर ली थी। जिसे मई में लौटाने का वादा किया था। समय पर रकम नहीं लौटाने पर उससे तकादा भी किया था। 
लोकेश ने पुलिस को बताया कि एक गाड़ी में चार सौ सिलेंडर आते हैं, जिससे आशंका है कि आरोपी ने दो या तीन बार में यह सिलेंडर चोरी किए होंगे। थानाध्यक्ष सौरभ सिंह का कहना है कि पुलिस गोदाम मैनेजर राहुल की तलाश कर रही है। उसके पकड़े जाने पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments