यूपीसीए स्पीड हंट के पहले दिन आगरा में 500 गेंदबाजों ने दिखाया दम
आगरा, 05 जुलाई। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन (यूपीसीए) की महत्वाकांक्षी स्पीड हंट चयन प्रक्रिया के पहले दिन रविवार को लगभग 500 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया में प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों के गेंदबाज भाग ले रहे हैं।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में सेंट जोन्स कॉलेज मैदान पर आयोजित दो दिवसीय ट्रायल में पहले दिन प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए तेज गेंदबाजों ने अपनी रफ्तार और कौशल का दम दिखाया।
गेंदबाजों की गति मापने के लिए अत्याधुनिक पॉकेट रडार और फास्ट ट्रैक एआई तकनीक का उपयोग किया गया। पहले दिन कई गेंदबाजों ने 130 से 138 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया, जबकि महिला खिलाड़ियों ने भी 101 से 105 किमी प्रति घंटा की गति से शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
पहले दिन मुख्य अतिथि डीसीपी सैयद अली अब्बास रहे। उनका स्वागत जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन और वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने किया। 
इस अवसर पर पूरन डावर, विजय भार्गव, समीर चतुर्वेदी, के.के. शर्मा, रमन दीक्षित, संजय तिवारी, संजीव तिवारी, अशोक सिंह, बलदेव भटनागर, मनोज कुशवाह, हरेंद्र शर्मा, नरेंद्र शर्मा, तुषार कौशिक, सर्वेश भटनागर और अनीस राजपूत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
चयन प्रक्रिया का दूसरा और अंतिम दिन सोमवार को सुबह 8:30 बजे से सेंट जॉन्स कॉलेज मैदान पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें शेष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments