विधायक के सुरक्षा वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, दरोगा की मौत, यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसा
आगरा, 21 जून। नोएडा यमुना एक्सप्रेस वे पर रविवार की दोपहर मथुरा जिले के मांट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजेश चौधरी के सुरक्षा वाहन को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दरोगा राजेंद्र सिंह की मौत हो गई और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार पुलिसकर्मी बुरी तरह से फंस गए। पीछे दूसरी कार में चल रहे विधायक राजेश चौधरी और अन्य लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर फंसे हुए पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने भी मदद की। घायलों को नोएडा के एक निजी अस्प्ताल में भर्ती कराया गया।
बताया गया है कि विधायक राजेश चौधरी को रविवार दोपहर जेवर हवाई अड्डे से लखनऊ के लिए उड़ान भरनी थी। वह अपने काफिले के साथ एक्सप्रेस वे से जेवर हवाई अड्डे की ओर जा रहे थे। हादसा नए फ्लाईओवर के पास हुआ। एक मालवाहक ट्रक गलत दिशा से सामने आ रहा था और उसने मोड़ पर सुरक्षा वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर से सुरक्षा वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। वाहन में पुलिसकर्मी फंस गए। निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने दरोगा राजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। मृत सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह मथुरा पुलिस लाइन में तैनात थे।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments