प्रभारी मंत्री की कार के आगे बैठ गए आलू किसान!
आगरा, 19 जून। जिले के आलू किसान शुक्रवार को बिचपुरी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के बाहर प्रदेश के एमएसएमई एवं जनपद प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह की कार के आगे बैठ गए और काफी समझाने के बाद ही हटे। किसानों ने आलू के गिरते भाव और अन्य समस्याओं को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया।
प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह कृषि विज्ञान केंद्र में प्राकृतिक खेती पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करने बिचपुरी पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब मंत्री शहर के लिए रवाना हो रहे थे, तभी किसानों के एक समूह ने आलू के लगातार गिर रहे दाम, लागत बढ़ने और अन्य कृषि संबंधी समस्याओं को लेकर विरोध दर्ज कराया। सभी किसान मंत्री की कार के आगे बैठ गए और अपनी समस्याओं के समाधान की मांग करने लगे। इस दौरान कुछ समय के लिए वहां स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
किसान करीब पांच मिनट तक गाड़ी के आगे बैठे रहे। किसानों का कहना था कि आलू के बाजार भाव में लगातार गिरावट से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बढ़ती लागत और फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने से भी किसान परेशान हैं। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
सूचना मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और अन्य नेता मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। उन्होंने किसानों को उनकी समस्याओं का समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया। प्रदर्शन करने वालों में चौधरी पुष्पेंद्र सिंह, सोमवीर यादव, भूपेंद्र सिंह सोलंकी, मुकेश पाठक, हम्बीर सिंह, राजेंद्र सिंह और श्याम सिंह चाहर शामिल थे।
______________________________________

Post a Comment
0 Comments