दिनदहाड़े दो लाख की नकदी और सोने के आभूषण लूटे
आगरा, 13 जून। थाना अछनेरा क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने मां-बेटे को निशाना बनाते हुए दो लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण लूट लिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लोहकरेरा गांव निवासी प्रिंस अपनी मां के साथ दोपहर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से अपनी ननिहाल, गांव कचौरा जा रहा था। विजय महारानी इंटरनेशनल एकेडमी के पास ग्रे रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और बैग लूट कर फरार हो गए। बैग में करीब दो लाख रुपये नकद, सोने की एक चेन तथा एक सोने का पेंडल रखा हुआ था।
वारदात के बाद पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश मौके से भाग चुके थे। सूचना मिलते ही थाना अछनेरा पुलिस और एसीपी अछनेरा घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कराते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments