जिलाधिकारी की नसीहत, वाणिज्य बंधु बैठक में केवल व्यापार से जुड़े मुद्दे उठाएं, संजय प्लेस और पुराने शहर की पार्किंग सहित कई मुद्दों पर चर्चा
आगरा, 23 जून। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को हुई जिला वाणिज्य बंधु की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने व्यापारियों को केवल व्यापार और उनसे जुड़े मुद्दे उठाने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि बेकार के मुद्दे या व्यक्तिगत मुद्दों को न उठाया जाए और इसमें समय खराब न करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निगम को शहर के घने बसे विभिन्न बाजारों में सुगम यातायात, आवागमन हेतु खाली स्थानों पर मल्टी स्टोरी पार्किंग स्थापना तथा पार्किंग स्थल चयन करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगला मांकरोल, ग्वालियर रोड पर जल निकासी हेतु नाले आदि की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में संजय प्लेस में पार्किंग की चर्चा करते हुए कहा गया कि मंडलायुक्त द्वारा एडीए सचिव, एडीएम सिटी, अपर नगरायुक्त की संयुक्त कमेटी बनाई गई है कमेटी की आख्या आने उपरांत कार्यवाही की जाएगी। रिपोर्ट आगामी बैठक में रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में साईं की तकिया से ईदगाह बस स्टैंड तक रोड पर अतिक्रमण, फुटपाथ पर कब्जे को हटाने के नगर निगम को निर्देश दिए गए। बैठक में हींग की मंडी क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण हेतु नगर निगम को निर्देश दिए गए।
बैठक में शहर के पुराने घने बाजारों में पार्किंग सुविधा के प्रकरण को उठाया गया। बताया गया कि 10 स्थानों पर नगर निगम की जमीन चिह्नित की गई लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई, जिलाधिकारी ने इस हेतु संबंधित से जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि 02 स्थानों पर रेलवे व कैंट का भूमि स्वामित्व है एक स्थान पर शिक्षा विभाग की भूमि है, जिलाधिकारी ने उक्त प्रकरण को शीघ्र समाधान हेतु सभी 10 स्थानों पर पार्किंग सुविधा के विकास हेतु नगर निगम द्वारा उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर उक्त स्थलों का पुनः मौका मुआयना करने अगर नगर निगम की भूमि नहीं है तो संबंधित विभागों से वार्ता कर एनओसी प्राप्त कर खाली स्थानों पर मल्टी स्टोरी पार्किंग स्थापना तथा अन्य पार्किंग स्थल चयन करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुरानी मंडी से विक्टोरिया मार्ग तक डिवाइडर लगाकर दोनो तरफ बने फुटपाथों को छोटा कर सड़क चौड़ीकरण का प्रकरण रखा गया, जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड व चीफ इंजीनियर नगर निगम द्वारा मौके पर ज्वाइंट निरीक्षण कर सड़क चौड़ीकरण की संभावना तथा मरम्मत आदि की रिपोर्ट देने तथा संबंधित समस्या के समाधान हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला, डिप्टी कमिश्नर जीएसटी मृत्युंजय नारायण सिंह,अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार आगरा व्यापार मंडल के जय पुरुसनानी, राजेश राठौर, ब्रजेश पंडित, देवेंद्र गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, संजय अरोरा कन्हैया लाल राठौड़, राजेश सिंघल, संजय अरोड़ा, राजेश राठौड़, महावीर मंगल, सुनील गर्ग, तारा चंद गाेयल, योगेश रखवानी, साहूकार सिंह चाहर, दुष्यंत गर्ग आदि मौजूद रहे।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments