तालाब की भूमि पर बने मंदिर, मस्जिद और मजार हटाए गए

आगरा, 17 जून। जिला प्रशासन ने तहसील सदर के अंतर्गत बिचपुरी के गांव अंगूठी में तालाब की भूमि पर बने मंदिर, मस्जिद और मजार धार्मिक ढांचों को बुधवार को बुलडोजर चलवाकर हटवा दिया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तालाब की भूमि पर अतिक्रमण का मामला राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण में विचाराधीन था। एनजीटी के आदेश के अनुपालन में तहसीलदार न्यायालय ने विगत नौ जून को बेदखली आदेश पारित किया था। इसी आदेश पर बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
सुबह करीब नौ बजे अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया। एडीसीपी हिमांशु गौरव, एसीपी इमरान अहमद, एसीपी रामप्रवेश गुप्ता समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने गांव और आसपास के क्षेत्र में पैदल गश्त भी की। गांव के भीतर तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया।
उप जिलाधिकारी सदर सचिन राजपूत ने मीडिया से कहा कि न्यायालय के आदेश और एनजीटी के निर्देशों के अनुपालन में तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। अभियान शांतिपूर्ण रहा और क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments