पूछताछ पर भड़क गया कन्या पक्ष, बिना सगाई के लौटा!
आगरा, 17 जून। थाना बरहन के ग्राम नगला अडू में बीती रात एक सगाई समारोह में विवाद होने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई और लड़की पक्ष बिना सगाई किए ही वापस लौट गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सगाई समारोह के तरीके और सामान को लेकर पूछताछ पर लड़की पक्ष के लोग भड़क गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।
थाने में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन तुरंत कोई नतीजा नहीं निकल सका। लड़की पक्ष भी अपना सगाई का सामान लेकर वापस चला गया। लड़के पक्ष का आरोप है कि उन्होंने सैकड़ों लोगों के लिए खाना बनवाया था और अन्य तैयारियां की थीं, जो सब धरी रह गईं।
टेढ़ी बगिया से लड़की पक्ष मंगलवार रात करीब 11 बजे नगला अडू गांव पहुंचा था। लड़के वालों ने कन्या पक्ष के लोगों से पहले भोजन करने का आग्रह किया। लड़की पक्ष ने पहले सगाई की रस्म पूरी करने की इच्छा जताई। गांव के कुछ लोगों ने जब सगाई समारोह के तरीके और सामान को लेकर पूछताछ की तो लड़की पक्ष के लोग भड़क गए।
बताया गया है कि लड़के के पिता का बचपन में निधन हो गया था, इसलिए सगाई समारोह की जिम्मेदारी गांव के संभ्रांत लोगों पर थी। जब लड़की पक्ष की ओर से गाली-गलौज बढ़ गई, तो लड़के ने ऐसे परिवार से शादी करने से इनकार कर दिया। मध्य रात्रि यह मामला बरहन थाने पहुंच गया।
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी ने मीडिया से कहा कि फिलहाल दोनों पक्ष शादी करने लिए तैयार नहीं हैं, हालांकि दोनों पक्ष आपस में बातचीत कर रहे हैं।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments