आक्रोश: नहीं हो रहा समाधान, इसलिए सड़क पर ही रोप दिया धान!

आगरा, 03 जून। अवधपुरी-कलवारी वायुविहार मार्ग के निवासियों ने बुधवार को सड़क पर जमा पानी में धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। 
दरअसल, इस मार्ग पर वर्षों से बने जलभराव से परेशान लोगों का सब्र जवाब दे गया। उनका कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का हल नहीं कराया गया है। मिल्टन स्कूल के पास से सौ फुटा रोड तक करीब 500 मीटर लंबा मार्ग लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। सड़क पर भरे पानी और कीचड़ के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क कम और तालाब अधिक दिखाई देती है। आए दिन लोग कीचड़ और पानी में फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। लगातार जलभराव के कारण आसपास के मकानों में सीलन बढ़ रही है। वहीं मच्छरों और अन्य जलीय जीवों की संख्या बढ़ने से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।  
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण और मरम्मत का मामला संबंधित विभागों के बीच उलझा हुआ है। ग्राम प्रधान, लोक निर्माण विभाग और अन्य अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदर्शन में बेनीराम शर्मा, हरिकिशोर, रवी, नरसिंह पाल, नारायण सिंह, मनीष मित्तल, विशाल, आकाश मित्तल, संतोष, सुरेंद्र सिंह, रश्मि मित्तल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments