नगर निगम ने सेंट जोंस चौराहे से लोहामंडी चौराहे तक हटाए अतिक्रमण, ठेल-ढकेल
आगरा, 23 जून। नगर निगम प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से मंगलवार को सेंट जोंस चौराहे से लोहामंडी चौराहे तक विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क के दोनों ओर फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया तथा बड़ी संख्या में ठेल-धकेल और अस्थायी काउंटर जब्त किए गए।
एसएफआई मुनेश मौर्य के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में नगर निगम की प्रवर्तन टीम और संबंधित अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। टीम ने फुटपाथों पर व्यवसाय कर रहे लोगों को पहले चेतावनी दी और इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान कई स्थानों पर सड़क किनारे रखे सामान और अवैध रूप से लगाए गए काउंटरों को हटाकर जब्त कर लिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सेंटजोंस से लोहामंडी तक का मार्ग शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल है। फुटपाथों पर अतिक्रमण और सड़क पर फैले अस्थायी कारोबार के कारण यहां आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अतिक्रमण हटने के बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और दोबारा अतिक्रमण करने वाले करीब एक दर्जन दुकानदारों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई भी की गई। इस दौरान नगर निगम ने कुल 17 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। इस दौरान एक शराब के ठेके पर प्लास्टिक गिलासों का उपयोग होता पाया गया। ठेका संचालक पर तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नगर निगम प्रशासन ने दुकानदारों और स्थानीय व्यापारियों से अपील की है कि वे फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा न करें तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में अतिक्रमण पाए जाने पर और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments