आगरा में डेढ़ दर्जन से अधिक संस्थानों में अग्निशमन उपायों की जांच, हादसे से निपटने का प्रशिक्षण भी दे रहे अधिकारी, सोमवार से प्रशासन की संयुक्त समिति हो सकती है सक्रिय

आगरा, 25 जून। लखनऊ में विगत दिनों हुए अग्निकांड में 15 लोगों के मारे जाने के बाद प्रदेश सरकार के निर्देश पर सभी जिलों में कोचिंग सेंटरों, होटलों, अस्पतालों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की जांच का अभियान छेड़ दिया गया है। मानकों को पूरा न कर रहे संस्थानों के खिलाफ सीलिंग की भी कार्रवाई की जा रही हैं। ताजनगरी में भी ऐसे स्थलों की जांच रोजाना की जा रही है। अब तक डेढ़ दर्जन संस्थानों का निरीक्षण कर अग्निशमन उपायों की जांच की गई और उन्हें अग्निशमन उपायों की जानकारी भी दी गई।
इस बीच लखनऊ से डीजीपी (अग्निशमन) द्वारा भी राज्य के सभी जिलों को दिशा-निर्देश भेजकर निरंतर जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। डीजीपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी हिदायत दे चुके हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेन्द्र सिंह ने गुरुवार शाम सभी अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। 
संजय प्लेस फायर स्टेशन क्षेत्र में बड़ी संख्या में कोचिंग, अस्पताल और अन्य व्यावसायिक संस्थान होने के कारण यहां निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि वह अभी तक एक दर्जन से अधिक संस्थानों का निरीक्षण कर अग्निशमन उपायों की जानकारी ले चुके हैं। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement
इस दौरान कमियां पाए जाने पर ऐसे संस्थानों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। गुरुवार को भी करीब चार व्यावसायिक स्थलों की जांच की गई। इसमें एमजी रोड स्थित राजकुमार स्टोर भी शामिल था। इस दौरान स्टाफ को अग्निशमन उपायों के प्रयोग करने की जानकारी भी दी गई। शुक्रवार को एमजी रोड स्थित अंजना मॉल में दोपहर बारह बजे मॉकड्रिल की जाएगी। कर्मचारियों को अग्निशमन उपायों के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। 
इस बीच पता चला है कि जिला प्रशासन द्वारा सोमवार से आगरा विकास प्राधिकरण और शिक्षा विभाग के साथ अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम बनाकर कोचिंग सेंटरों, होटलों, अस्पतालों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में मानकों की जांच की जाएगी। 
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments