आगरा, 18 जून। राज्य जीएसटी विभाग बड़ी संख्या में कर चोरी में लिप्त लोहा कारोबारियों का खुलासा कर सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तीन लोहा कारोबारियों की जांच के दौरान विभाग को सोलह से ज्यादा कारोबारियों के कर चोरी में शामिल होने के संकेत मिले हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, जांच में जुटे अधिकारी साक्ष्य एकत्रित कर रहे हैं। जल्द ही कर चोरी में संलिप्त कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करेंगे। एसजीएसटी विभाग के अपर आयुक्त ग्रेड वन पंकज गांधी ने मीडिया से कहा कि विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। जैसे-जैसे सबूत मिलते जाएंगे, आरोपी फर्मों पर कार्रवाई कर चोरी की गई रकम जुर्माने के साथ जमा कराई जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते राज्यकर विभाग के सचल दल और विभाग की टीम ने एक सूचना के आधार पर लोहा और स्टील के तीन व्यापारियों के वाहनों की जांच कर लाखों की टैक्स चोरी पकड़ी थी। ये सभी कारोबारी बिना ई-वे बिल के शहर में माल मंगाकर मोटी कमाई कर रहे थे। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
विभागीय कार्रवाई के अगले दिन कई व्यापारियों ने लोहा व्यापारी एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिकारियों से मुलाकात कर जांच करने वाले अधिकारियों के बदसलूकी करने की शिकायत की थी। इस दौरान व्यापारियों की अधिकारियों से तनातनी भी हुई थी। अधिकारियों ने कर चोरी करने वाले कारोबारियों पर कार्रवाई जारी रखने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया था। साथ ही आश्वासन दिया था कि बेकसूर व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।
_________________________________________