आगरा के थोक दवा बाजार में फिर छापेमारी, धड़ाधड़ गिरे शटर
आगरा, 12 जून। औषधि विभाग की पंद्रह दिन के भीतर ही दूसरी छापेमारी से फौवारा स्थित थोक दवा बाजार में खलबली मची गई और धड़ाधड़ कई दुकानों के शटर गिर गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को दो दर्जन से अधिक ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम ने कारोबारियों की जांच पड़ताल शुरू की। टीम मुबारक महल, संत सूरी मार्केट, नबाविया मार्केट सहित थोक दवा की दुकानों पर जांच में जुटी है।
औषधि विभाग की टीम ने इससे पूर्व मई के अंतिम सप्ताह में यहां दवा बाजार में छापेमारी की थी और बड़ी मात्रा में सैंपल सहित अन्य दवाएं जब्त की थीं। शुक्रवार को टीम पहुंचने से थोक दवा बाजार में खलबली मच गई। बड़ी संख्या में थोक दवा कारोबारी दुकानों को बंद कर चले गए। कुछ ही देर में दवा बाजार में 70 प्रतिशत दुकानें बंद हो गईं, जो दुकानें खुली हुई हैं वहां टीमें पहुंच गई।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषध प्रशासन डॉ. रोशन जैकब का कहना है कि प्रदेश स्तर पर थोक ड्रग लाइसेंस सत्यापन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य फर्जी, निष्क्रिय अथवा बंद पड़े प्रतिष्ठानों के ड्रग लाइसेंसों को बंद कराया जा सके। नकली, नशीली, एक्सपायरी दवाओं के अवैध व्यापार तथा चिकित्सकीय सैंपलों की अनधिकृत बिक्री के विरुद्ध विभागीय अभियान निरंतर जारी रहेगा।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments