पिता की प्रताड़ना पर वजीरपुरा में छात्र ने दी थी जान! मां ने अपने पति पर लगाए गम्भीर आरोप
आगरा, 07 जून। थाना हरिपर्वत क्षेत्र के वजीरपुरा में पिता के सामने खुद को गोली मार कर आत्महत्या करने वाले छात्र की मां ने अपने पति पर आरोप लगाए हैं। माँ ने पिता की प्रताड़ना से तंग होकर बेटे के आत्महत्या करने की बात कही है। आरोप है कि बेटे पर धर्म परिवर्तन करने का दवाब भी बनाया गया था। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शिकायत की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वजीरपुरा की अनारवाली मस्जिद के पास बुधवार की रात को 22 साल का हर्षित अरोड़ा अपने पिता शाहिद के घर गया था। वहां पर किसी बात पर विवाद हो जाने के बाद उसने अपनी कनपटी पर तमंचे से गोली मार ली थी। पिता शाहिद ने गंभीर अवस्था में हर्षित को इलाज के लिए हास्पीटल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान छह जून को हर्षित की मौत हो गई थी। बेटे की मौत के बाद मां ऋचा अरोड़ा ने हरिपर्वत थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
मृतक की मां का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2005 में शाहिद कुरैशी से लव मैरिज की थी। वर्ष 2017 तक दोनों साथ रहे। उनके दो बेटे थे। इसके बाद वह पति से अलग हो गईं। अलग होने के बाद भी शाहिद उनको परेशान कर रहा था। पिता की प्रताड़ना के चलते ही हर्षित परेशान रहता था। उसकी पिता से कहासुनी भी हुआ करती थी। विगत चार जून को भी हर्षित अपने पिता के पास गया था।
ऋचा को रात में शाहिद की दूसरी पत्नी के बेटे सैफ ने फोन कर बताया कि हर्षित ने अपने आप को गोली मार ली है। उसे इलाज के लिए पुष्पांजलि हॉस्पीटल लेकर आए हैं। गंभीर अवस्था होने पर उसे एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बेटे ने दमतोड़ दिया।
ऋचा का आरोप है कि बेटे को किसी और ने गोली मारी हो और इसे सुसाइड बताया जा रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। इंस्पेक्टर हरीपर्वत नीरज शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर हर पहलू पर जांच की जा रही है।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments