शाम को आई आंधी के दौरान चलती कार पर गिरा विशाल होर्डिंग, सेंट जॉन्स चौराहे पर बड़ा हादसा टला
आगरा, 09 जून। शहर में मंगलवार की शाम आई आंधी के दौरान एमजी रोड स्थित सेंट जॉन्स कॉलेज चौराहे पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज हवाओं के बीच सड़क किनारे लगा एक विशाल होर्डिंग अचानक उखड़कर सड़क से गुजर रही एक कार पर आ गिरा। कार में एक परिवार सवार था, जिसमें बच्चे भी शामिल थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी को शारीरिक चोट नहीं आई, लेकिन अचानक कार पर होर्डिंग गिरने से परिवार के लोग बुरी तरह सहम गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शाम को आंधी चल रही थी। इसी दौरान विशाल होर्डिंग अपने आधार से उखड़कर सीधे कार के ऊपर आ गिरा। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तत्काल दौड़कर कार के पास पहुंचे। जब यह पता चला कि सभी लोग सुरक्षित हैं तो लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर यातायात अधिक होता या होर्डिंग किसी दोपहिया वाहन अथवा राहगीर पर गिरता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद लोगों में नगर निगम के प्रति नाराजगी दिखाई दी। नागरिकों का कहना है कि शहर की प्रमुख सड़कों, विशेषकर एमजी रोड पर बड़ी संख्या में विशाल होर्डिंग लगे हुए हैं, जिनकी मजबूती और सुरक्षा की नियमित जांच नहीं होती। तेज आंधी और बारिश के दौरान ऐसे होर्डिंग कई बार गिर चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम उठाने को तैयार नहीं दिखता।जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह शहर का व्यस्ततम चौराहा माना जाता है और दिनभर यहां भारी यातायात बना रहता है।
मंगलवार को दिनभर भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। दोपहर के समय शहर की कई सड़कों पर गर्मी के कारण सन्नाटा पसरा रहा। शाम को अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। हालांकि आंधी ने कई स्थानों पर अव्यवस्था पैदा की, लेकिन बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत भी पहुंचाई।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments