बिहार में भरत तिवारी के एनकाउंटर के खिलाफ आगरा में निकाला कैंडल मार्च
आगरा, 23 जून। बिहार के भोजपुर में युवा भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस मुठभेड़ में हुई संदेहास्पद मृत्यु के खिलाफ शहर में भी आक्रोश दिखाई दे रहा है। लॉयर्स कॉलोनी स्थित राधा कृष्ण मंदिर के समीप बने पार्क से मंगलवार को सर्व ब्राह्मण कुल समाज समिति के तत्वावधान में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने कैंडल मार्च निकाल विरोध प्रदर्शन किया।
समिति के अध्यक्ष सतीश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में उपस्थित लोगों ने इस घटना को लोकतंत्र और मानवाधिकारों की धज्जियां उड़ाने वाला करार दिया। सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि वर्तमान दौर में कुछ राजनीतिक दलों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समाज को बांटने और एक विशेष वर्ग को निशाना बनाने की जो ब्राह्मण विरोधी मानसिकता पनप रही है, उसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेताया कि ब्राह्मण समाज स्वभाव से सदैव विनम्र, न्यायप्रिय, अहिंसावादी और 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना रखने वाला रहा है, लेकिन सब्र का इम्तिहान लिया गया तो समाज जवाब देना भी जानता है।
कैंडल मार्च के दौरान वक्ताओं ने एकसुर में बिहार सरकार से मांग की कि मामले की लीपापोती करने के बजाय दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए त्वरित और कठोरतम सजा सुनिश्चित की जाए। पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय देने की भी मांग उठाई गई।
इस विरोध प्रदर्शन में एसपी अग्निहोत्री, एम.एम. शर्मा, नरेंद्र शर्मा, आशुतोष गौतम, बृजेश गौतम, योगेश भारद्वाज, अनिल पाठक, राजेंद्र पाराशर, विष्णु उपाध्याय, प्रीति मिश्रा, लक्ष्मी लवानिया, उमेश पचौरी, आकाश शर्मा, रामविलास पाठक, मुकेश शर्मा, देवेंद्र शर्मा, शैलेश बाबू, आचार्य चंद्रकांत, मूलचंद शर्मा, डॉ प्रमोद रावत आदि उपस्थित रहे।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments