मुनादी: रामलीला मैदान से 11 जून तक हटा लें झुग्गी-झोपड़ियां, अन्यथा चलेगा बुलडोजर
आगरा, 09 जून। थाना रकाबगंज क्षेत्र में आगरा किले के सामने स्थित रामलीला मैदान में मंगलवार को प्रशासनिक टीम ने मुनादी कराकर लोगों को 11 जून तक स्वयं ही झुग्गी-झोपड़ियों को हटा लेने की चेतावनी दी। स्पष्ट कहा गया कि इसके बाद यहां बुलडोजर चला दिया जायेगा।
मुनादी की कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त सदर और एसडीएम सदर के नेतृत्व में की गई। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ियां बनाई गई हैं, उन्हें हर हाल में हटाया जाएगा।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि तय समय सीमा के बाद यदि लोग स्वयं जगह खाली नहीं करते हैं, तो नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या विरोध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और स्वेच्छा से अवैध अतिक्रमण हटा लें। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम पूरी तरह सतर्क रही।

Post a Comment
0 Comments