आगरा से हो रही सरकारी, सैंपल और एक्सपायर्ड दवाओं की तस्करी!
आगरा, 14 जून। औषधि विभाग की छापेमारी में शहर में दवा माफियाओं द्वारा सरकारी, सैंपल और एक्सपायर्ड दवाओं की तस्करी किए जाने का खुलासा हुआ है। जांच टीम के मुताबिक, ऐसी दवाओं को री लेबलिंग कर मेडिकल स्टोरों और अस्पतालों में खपाया जा रहा है।
छापे के दौरान अवैध गोदाम से एक्सपायर्ड और सैंपल की दवाएं भारी मात्रा में पकड़ी गईं। इसमें एंटीबायोटिक, त्वचा रोग, कॉस्मेटिक, हृदय रोग समेत अन्य रोगों की नामी कंपनियों की महंगी दवाएं हैं।
नामी कंपनियां और महंगी दवाएं होने के कारण सामान्य तौर पर इनकी खरीद जल्दी होती है। मोटा मुनाफा मिलने के कारण आसानी से खप भी रही हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब का कहना है कि छापे में नामी कंपनियों की सैंपल दवाएं और कई साक्ष्य मिले हैं। जांच पूरी होने के बाद ही रिपोर्ट जारी की जाएगी।
छापे में टीम को सैंपल और एक्सपायर्ड दवाएं दिल्ली और जयपुर से मंगवाने के सुराग मिले हैं। टीम दिल्ली और जयपुर भी टीम भेजकर जांच कराएगी।
गौरतलब है कि दवा माफिया शुक्रवार रात गोदाम पर लगे औषधि विभाग के ताले को तोड़कर सैंपल-एक्सपायर्ड दवाओं को बाहर फेंककर भाग गए। शनिवार दोपहर टीम जांच करने पहुंची तो पूरी गैलरी दवाओं से भरी थी। औषधि विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को 20 फर्मों और गोदामों पर छापा मारा था। देर रात होने पर जैन कॉम्प्लेक्स के तीसरी मंजिल पर बने गोदाम पर अपना ताला लगा दिया था। शनिवार को टीम जांच करने पहुंची तो जैन कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर गैलरी में दवाओं से भरे कार्टन पड़े हुए थे। भारी मात्राओं में दवाएं बिखरी हुई थीं। जांच करने पर ये सैंपल की दवाएं निकलीं।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments