अखिलेश यादव का आगरा के व्यापारियों को मरहम लगाने का प्रयास, राम मंदिर चंदा प्रकरण को फिर दी हवा || आईटी सिटी बनाने, पेठा, आलू को प्रोत्साहन और सुप्रीम कोर्ट में गंभीर पैरवी का वायदा

आगरा, 14 जून। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को यहां फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में आयोजित 'विजन इंडिया (पीडीए)' संगोष्ठी को संबोधित करते हुए और फिर पत्रकारों से बात करते हुए आगरा के व्यापारियों को मरहम लगाने की कोशिश की तो सनातन कार्ड खेलकर राममंदिर के कथित चंदा प्रकरण को हवा देने का प्रयास किया। उन्होंने सरकार बनने पर आगरा में आईटी सिटी विकसित करने, पेठा उद्योग को मैकडोनाल्ड और पिज्जा हट के समान पहचान दिलाने, आलू किसानों के लिए कामन फेसिलिटी सेंटर बनवाकर आलू से उत्पाद बनवाने और खराब आलू से वाइन और वोदका बनवाने की बात कही। साथ ही सुप्रीम कोर्ट में आगरा के उद्यमियों की उचित पैरवी को देश के सबसे बड़े वकील को खड़ा करने का आश्वासन दिया।
अखिलेश ने कहा कि जब तक कारोबारी वर्ग संपन्न नहीं होगा, तब तक देश खुशहाली के रास्ते पर आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने कहा, 'मैं आगरा इसलिए आया हूं कि छोटे कारोबारी क्यों बर्बाद हो रहे हैं, इस बारे में आप लोगों के सुझाव ले सकूं।' यादव ने कहा, 'बहुत से लोग वादे करते हैं, लेकिन मैं भरोसा दिलाता हूं कि आगरा में समाजवादी लोग आईटी सिटी विकसित करने का काम करेंगे।' 
सपा प्रमुख ने कहा, 'हमें व्यापक सोच के साथ छोटे कारोबार और छोटे कारोबारियों की समस्याओं पर बात करनी होगी।' उन्होंने कहा, ''हमारा मानना है कि छोटे कारोबारियों की समस्याओं, चुनौतियों, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को तब तक नहीं समझा जा सकता, जब तक उन्हें विभिन्न श्रेणियों में वर्गीकृत नहीं किया जाता। उनकी समस्याओं और कारोबार की प्रकृति को समझे बिना उनका समाधान संभव नहीं है।'
अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा और आसपास के क्षेत्रों के उद्यमियों, पेशेवरों और बुद्धिजीवियों को 'विजन इंडिया' के माध्यम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'यह पीडीए संवाद भी उसी दिशा में एक प्रयास है। यह एक प्रगतिशील संवाद है, जिसके माध्यम से हम लोगों से जुड़कर उनकी बात सुनना चाहते हैं।' यादव ने दावा किया कि वर्ष 2012 से 2017 के दौरान हुए विकास कार्य किसी से छिपे नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'अगर मैं एक-एक काम गिनाने लगूं, तो शायद आपको विश्वास हो जाएगा कि जितना काम समाजवादी सरकार के दौरान हुआ, उतना पहले कभी नहीं हुआ था। विशेष रूप से आगरा के विकास के लिए हमने कई महत्वपूर्ण पहल की थीं।'
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, संग्रहालय, मेट्रो तथा अन्य परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा, ''हमने सपना देखा था कि आगरा को लखनऊ से जोड़ा जाए। उस समय बैंकों का भी पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा था और बड़ी परियोजनाओं के लिए वित्त जुटाना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद राज्य के बजट से बनने वाला आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे रिकॉर्ड समय में तैयार किया गया।' 
सपा प्रमुख ने कहा कि आगरा की पहचान देश ही नहीं, दुनिया भर में है और इसका वैश्विक महत्व है।
पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावे में चोरी पर कहा कि यह सनातन धर्म के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है कि मर्यादा पुरुषोत्तम के मंदिर में चोरी की जांच अधिकारी करेंगे। इससे अधिक दुर्भाग्य कुछ और नहीं हो सकता है। प्रभु श्रीराम के चढ़ावे में कोई बात हुई है तो कैमरे बंद कर आपस में बात कर लीजिए। कैमरा बंद करके आंखें बंद करके जो चढ़ावा चोरी हुआ है, उसे वापस कर दो। उसे वापस कर दो प्रभु श्रीराम कुछ नहीं बोलेंगे।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
अखिलेश ने कहा कि भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है और इसके लिए करोड़ों रुपये खर्च करती है। प्रधानमंत्री ने यदि अपना विमान ईरान में उतार दिया होता तो देश को महंगाई और गैस की समस्या का सामना नहीं करना पड़ता। विश्व गुरु बनने का ख्वाब देखने वाले नीट का पेपर लीक होने से नहीं रोक सके। अपने बच्चों को सफलता दिलाने के लिए पेपर लीक कराया गया। 
उन्होंने आगरा के पेठा उद्योग के मैकडोनाल्ड और पिज्जा हट के समान सरकार बनने पर पहचान दिलाने की बात कही। आलू किसानों के लिए कामन फेसिलिटी सेंटर बनवाकर आलू से उत्पाद बनवाने और खराब आलू से वाइन और वोदका बनवाने की बात कही।
सुप्रीम कोर्ट में आगरा के उद्यमियों की उचित पैरवी को सरकार बनने पर देश के सबसे बड़े वकील को खड़ा करने की बात अखिलेश यादव ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास महंगाई और बेरोजगारी का कोई जवाब नहीं है। बंगाल में ममता दीदी को हराया गया है। प्रदेश में सपा सरकार बनाएगी। पीडीए का मतलब प्रेम, दया और अपनापन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को लोगों से प्रेम, दया और अपनापन से मिलने पर जोर दिया।
________________________________________







ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments