कार में सवार था परिवार, टक्कर मारने के बाद सौ मीटर तक घसीटता ले गया टैंकर, एत्मादपुर में बड़ा हादसा बचा
आगरा, 15 जून। जिले के एत्मादपुर क्षेत्र में सोमवार को उस समय बड़ा सड़क हादसा टल गया जब तेल से भरा एक टैंकर आगे चल रही कार को टक्कर मारने के बाद करीब सौ मीटर तक घसीटता ले गया। कार में एक परिवार के पांच लोग सवार थे। राहत की बात रही कि सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कार चालक महेश चंद्र मिश्रा अपने परिवार के साथ बछगांव जा रहे थे। उनके साथ दीपक मिश्रा, शशि और शिवा समेत कुल पांच लोग सवार थे। कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन सौभाग्य से वह अनियंत्रित होकर पलटी नहीं। इसकारण सभी की जान बच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और टैंकर को रुकवाने का प्रयास किया। राहगीरों की सक्रियता के बाद टैंकर रुका, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और टैंकर को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
प्रभारी निरीक्षक एत्मादपुर आलोक कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि दोनों वाहनों को राजमार्ग से हटवा दिया गया है। नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार टैंकर चालक की जानकारी जुटा रही है।
___________________________________

Post a Comment
0 Comments