डिफेंस कॉलोनी में प्रमोद टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जला
आगरा, 28 जून। थाना सदर के अंतर्गत डिफेंस कॉलोनी स्थित प्रमोद टेंट हाउस के गोदाम में रविवार की सुबह भीषण आग लग गई। मौके पर पहुंची सीओडी और फायर विभाग की दमकलों ने आग पर काबू पाया। आग में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
डिफेंस कॉलोनी में प्रमोद उपाध्याय का टेंट हाउस का कारोबार है। रविवार की सुबह 6.30 बजे उनके गोदाम में आग लग गई। आग ने शीघ्र पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम से ऊंची-ऊंची आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी भीषण थी कि एक घंटे तक तेज लपटें उठती रहीं। अगले दो घंटे तक उसे बुझाने में मशक्कत करनी पड़ी। तीन घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पहले तो आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया तो फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई। इससे सीओडी की दो गाड़ियां पहले से ही मौके पर पहुंच गईं। मगर, इनसे आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इस बीच एक-एक कर फायर विभाग की चार दमकलें और मौके पर पहुंचीं। तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बताया जा रहा है कि आग सबमर्सिबल के तारों में शॉर्ट सर्किट से लगी और घंटों तक सुलगती रही। आग की चपेट में आने से टेंट का पूरा सामान जलकर राख हो गया।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments