बड़े भाई ने व्यापार से अलग किया तो छोटे ने दे दी मारने की "सुपारी!" चार गिरफ्तार
आगरा, 02 जून। एक हैरतअंगेज मामले में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को जान से मारने के लिए फिरौती दी। बताया गया है कि व्यापार से अलग किए जाने से क्षुब्ध होकर उसने यह साजिश रची और अपने दोस्तों को बड़े भाई की "सुपारी" दे दी। बाइक सवार तीन हमलावरों ने पिछले दिनों बड़े भाई पर हमला किया और उसकी आंखों में मिर्च डाल दी। लेकिन बड़ा भाई किसी प्रकार बच निकला और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहकीकात की तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। पुलिस ने छोटे भाई सहित चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना विगत 18 मई की है। अगले दिन थाना लोहामंडी में अजय सोनी नामक व्यक्ति ने सूचना दी कि वह शू प्लाजा कोठी मीना बाजार से निकल कर जा रहा था तभी बाइक सवार तीन लोगों ने उसकी आंखों में मिर्च डालकर हमला किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी चेक किए तो पाया कि अपाचे बाइक पर सवार तीन युवकों ने युवक का पीछा किया और जान से मारने की नीयत से हमला किया था। पुलिस इस मामले की जांच करते हुए शिकायतकर्ता के छोटे भाई रिंकू को बीती रात राजनगर रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में रिंकू ने स्वीकार किया कि इस वारदात में उसके चार अन्य साथी लकी, विष्णु, सुनील व संदीप उर्फ भोला शामिल हैं। पुलिस ने रिंकू की निशानदेही पर लकी और विष्णु को पाय चौकी धूलियागंज से और अभियुक्त विष्णु की निशानदेही से फिरोजाबाद के थाना उत्तर स्थित खेड़ा मोहल्ला से सुनील को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया को बताया कि अजय सोनी ने पिछले दिनों अपने भाई रिंकू को व्यापार से अलग कर दिया था। इससे क्षुब्ध होकर उसने अपने दोस्तों लकी, विष्णु, सुनील और संदीप के साथ मिलकर भाई की हत्या कराने की साजिश रची। रिंकू ने अपने दोस्तों को दो से ढाई लाख रुपये देने की बात तय की थी।
डीसीपी सिटी ने बताया कि थाना लोहामण्डी पुलिस, सर्विलांस/एसओजी टीम नगर जोन द्वारा संयुक्त कार्यवाही में इन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के खिलाफ पहले भी एक अन्य मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज हो चुका है।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments