आगरा के काेचिंग सेंटरों में भी आशंका का माहौल, सुबह से अग्निशमन उपायों की जांच का अभियान
आगरा, 23 जून। लखनऊ स्थित कोचिंग सेंटर में एक दिन पहले आग लगने से 15 लोगों की मौत के बाद ताजनगरी के कोचिंग सेंटरों में भी भय और आशंका का माहौल दिखाई दे रहा है। अग्निशमन विभाग ने सुबह से ही कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन उपायों की जांच का अभियान छेड़ रखा है।
वहीं शहर के प्रमुख कोचिंग सेंटरों ने लखनऊ की घटना को लेकर मंगलवार को शोक दिवस मनाया और अध्यापन कार्य स्थगित कर दिया। इस बीच न्यू आगरा क्षेत्र में तुलसी टॉकीज के निकट स्थित आकाश कोचिंग सेंटर में बेसमेंट में लगे एमसीबी बॉक्स से धुआं निकलने की खबर आई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आग लगने के डर से कोचिंग सेंटर से सभी छात्र, छात्राएं आनन-फानन में बाहर आ गए। एमसीबी बॉक्स में धुआं उठने से पूरी बिल्डिंग की बिजली भी गुल हो गई। विद्युत वितरण कंपनी टोरेंट पावर की टीम ने आकर बॉक्स की मरम्मत शुरू कर दी। बताया गया है कि हालांकि कोई बड़ी घटना नहीं हुई फिर भी आशंका को देखते हुए कोचिंग की छुट्टी कर दी गई। बेसमेंट की पार्किंग से सभी वाहन भी बाहर निकाल लिए गए। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गईं।
फायर स्टेशन संजय प्लेस के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि विभाग द्वारा सुबह से ही कोचिंग सेंटरों पर अग्निशमन इंतजामों की जांच का अभियान शुरू कर दिया गया है। उनके द्वारा दोपहर बारह बजे तक दस कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया गया।
अग्निशमन विभाग ने शिक्षा विभाग को भी अपनी रिपोर्ट भेजी हैं। दरअसल शिक्षा विभाग को ही बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र के चल रहे सेंटरों पर अंकुश लगाना होता है, लखनऊ कांड में यह बात सामने आई कि अग्निशमन विभाग ने शिक्षा विभाग को 17 संस्थानों के लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की थी, लेकिन उन पर कोई निर्णय नहीं हुआ।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments