क्यों मारी गई दुकानदार को गोली? एक आरोपी बोला- मैं बिजलीघर चौकी पर था, पुलिस तफ्तीश में जुटी

आगरा, 22 जून। थाना ताजगंज क्षेत्र में रविवार की रात्रि दुकानदार को गोली मारे जाने की वारदात के बाद पुलिस हमलावरों की तलाश और हमले के कारणों की जांच में जुट गई है। घायल दुकानदार की बहन अधिवक्ता संगीता राठौर ने आधा दर्जन लोगों को आरोपित करते हुए हमले के पीछे जमीनी विवाद बताया। वहीं दूसरे पक्ष के एक आरोपी ने हमले से इनकार करते हुए कहा कि वारदात के समय वह बिजलीघर पुलिस चौकी पर मौजूद था।
फिलहाल पुलिस नामजदों की तलाश और उनसे विस्तृत पूछताछ में जुटी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वारदात को रविवार रात करीब दस बजे अंजाम दिया गया। अधिवक्ता संगीता राठौर के भाई गौरव राठौर की पुरानी मंडी पर परचून की दुकान है। यहां बाइक पर तीन युवक पहुंचे। उनमें से एक दुकान में घुसा और अचानक पिस्टल निकाल कर गौरव को गोली मार दी। इसके बाद आरोपी भागने लगे। गौरव ने हिम्मत दिखाकर एक हमलावर का गमछा पकड़ लिया और बाइक रोक ली। इस पर आरोपियों ने गौरव को जांघ में गोली मार दी। भागते समय आरोपी दूसरों के वाहनों में टक्कर मारने लगे। लोग गाड़ियां छोड़कर भागे। बस्ती के दो युवकों ने भी उन्हें पकड़ने का प्रयास किया लेकिन आरोपी पिस्टल दिखाकर भाग निकले। हमलावरों ने फायरिंग भी की। इससे बस्ती में दहशत फैल गई। हमलावर आराम से निकल गए।  
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
अधिवक्ता संगीता राठौर का आरोप है कि उनका सुनील राठौर, टीटू, संदीप, सियाराम, अजय, प्रदीप राठौर आदि से जमीन पर कब्जे का विवाद है। इसी विवाद में भाई को गोली मारी गई। पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला अधिवक्ता का आरोप है कि पूर्व में शिकायत पर कार्रवाई न होने के कारण अपराधी बेलगाम हुए और घटना को अंजाम दिया। डेढ़ वर्ष से आरोपियों की साक्ष्य के साथ शिकायत की जा रही है। पुलिस सुनवाई नहीं करती है। आरोपी हत्या के उद्देश्य से आए थे। 
इस मामले में दूसरे पक्ष के प्रदीप राठौर का कहना है कि वह एक महिला की परेशानी पर कार्रवाई की मांग करने थाने गए थे। घटना के समय वह बिजलीघर चौकी पर थे। पुलिस पूरी जांच करे और जो दोषी हो उसपर तत्काल कार्रवाई करे।
एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश की जा रही है।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments