भाजपा केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, देश बनाने की राजनीति करती है- आगरा में बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह || शमशाबाद में किया महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण

आगरा, 14 जून। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को यहां कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करती, हम लोग देश बनाने के लिए राजनीति करते हैं, हम जाति की नहीं बल्कि इंसाफ और इंसानियत की राजनीति करने वाले लोग हैं। कोई किसी भी जाति का होगा, चाहे कोई किसी धर्म का, आयुष्मान भारत कार्ड सभी को दिया है, उद्योग, फैक्ट्री लगती है तो उसमें सभी को रोजगार मिलता है। सरकार हर व्यक्ति का जीवन बेहतर कर रही है, गांव-गांव तक जल की व्यवस्था की है, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सभी को घर मिले हैं, भाजपा तुष्टिकरण की राजनीति का काम नहीं करती है।
रक्षा मंत्री तहसील शमशाबाद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप हिंदुस्तान में अद्वितीय संघर्ष के प्रतीक हैं, जो किसी भी कीमत पर अपने मान सम्मान और मूल्यों के साथ समझौता नहीं कर सकते थे। महाराणा प्रताप के पूरे जीवन से शिक्षा मिलती है कि आजादी की कोई कीमत नहीं हुआ करती, देश और लोगों के आत्मसम्मान से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता। उसी सोच के साथ हमने पिछले 12 वर्षों में भारत के गौरव को बढ़ाने के लिए कार्य किया है। विश्व में भारत की प्रतिष्ठा बड़ी है, पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत बोलता था, भारत को जितनी गंभीरता दी जानी चाहिए, उतनी गंभीरता नहीं दी जाती थी, आज हमारा भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कुछ बोलता है उसे पूरा विश्व सुनता है। वर्ष 2014 के पहले आए दिन आतंकवाद की घटनाएं हुआ करती थी, कांग्रेस के नेता कहते थे कभी-कभी एक-दो इस प्रकार की घटनाएं हो जाती हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि किस प्रकार की कार्यवाही की थी आप सबने देखा।
पाकिस्तान की आतंकवादी घटनाओं से प्रधानमंत्री मोदी ने सिंधु नदी समझौता को सस्पेंड कर दिया है। हमारे देश का पानी पाकिस्तान नहीं जा सकता है, उन्होंने कहा कि अशांति, आतंकवाद फैलाने वालों को हमेशा के लिए शांत करना भी हम जानते हैं। बारह साल पहले कोई सोच नहीं सकता था कि देश को कभी नक्सलवाद से मुक्ति मिलेगी। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जो नेता आम जनता का सम्मान नहीं करते उन्हें जनता का समर्थन खोते हुए भी आपने देखा होगा, लेकिन मोदी की लोकप्रियता का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री को दुनिया के 32 देश का जो सर्वोच्च सम्मान मिला है, यह देश की 140 करोड़ जनता का यह सम्मान है। वर्ष 2014 के पहले दुनिया के दूसरे देश का कोई भी व्यक्ति पैसा लगाने इन्वेस्ट को तैयार नहीं था लेकिन आज भारत में दुनिया के सभी इन्वेस्टर इन्वेस्ट कर रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी प्रशंसा की। रक्षा मंत्री के मुख्य मंच पर पहुंचने पर पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.मंजू भदौरिया तथा अन्य गणमान्य जन द्वारा स्मृति चिह्न, गदा आदि भेंट कर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, सांसदद्वय राजकुमार चाहर, नवीन जैन, प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, होमगार्ड व नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति, विधायकगण डॉ. धर्मपाल सिंह, डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, छोटे लाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments