Agra News: खबरें आगरा की.........

नि:शुल्क मेडिकल शिविर में 90 लोगों ने कराई जांच
आगरा, 07 जून। माधव मिलन एवं नेशनल मेडिकोज औरगेनाइजैशन द्वारा नि:शुल्क मेडिकल शिविर विनायक अपार्टमेंट विजय नगर कॉलोनी में लगाया गया। करीब 90 व्यक्तियों द्वारा इसमें लाभ प्राप्त किया। डॉ पवन गुप्ता, डा रुपल अग्रवाल, डा राघवेंद्र दुबे, डॉ असीम गुप्ता आदि ने अपना सहयोग प्रदान किया। 
मेडिकल कैम्प में आलोक आर्या, अशोक अग्रवाल, रवी गुप्ता, अजय तोशनीवाल, अशोक मोदी, अजय बहाबलपुरिया, धर्मेंद्र गर्ग, नरेश सूद, सुशील पंडित, अम्बा प्रसाद गर्ग, अभिषेक गोयल, अनिल अग्रवाल ने व्यवस्था बनाने में सहयोग प्रदान किया।
________________________________________
वृक्षारोपण के साथ पौधों की देखभाल का संकल्प
आगरा, 07 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कुटुंब संस्था एवं इंडिया राइजिंग द्वारा दयालबाग स्थित I Love Agra (Selfie Point) पर वृक्षारोपण एवं सौंदर्यीकरण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संदेश दिया गया।
कुटुंब संस्था की सचिव तपस्या सिंह ने बताया कि दोनों संस्थाओं द्वारा I Love Agra (Selfie Point) के सौंदर्यीकरण, सज्जा-संवार एवं समग्र रख-रखाव की जिम्मेदारी संयुक्त रूप से ग्रहण की गई है। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय पार्षद भारत शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपन्न हुआ, जिनके सहयोग से इस पर्यावरणीय पहल को प्रभावी रूप से मूर्त रूप दिया जा सका।
इंडिया राइजिंग के आर.पी. सक्सेना (ब्रांड एम्बेसडर, स्वच्छ भारत अभियान, नगर निगम आगरा) ने उपस्थित नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। विदित सिंघल ने "पर्यावरण प्रहरी सम्मान – 2026" की घोषणा की। इस वर्ष यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नम्रता पचौरी को प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि सुरेश चंद गर्ग, विशिष्ट अतिथि सुनील विकल एवं डॉ. मुनेश्वर गुप्ता ने स्वयं वृक्षारोपण एवं कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इंडिया राइजिंग की अध्यक्ष संगीता राठौर ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, हरित आवरण को प्रोत्साहित करना तथा समाज में वृक्षारोपण के महत्व को स्थापित करना है।
________________________________________
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
अस्थमा एवं एलर्जी की दवा का नि:शुल्क वितरण
आगरा, 07 जून। अस्थमा एवं एलर्जी से पीड़ित लोगों की सहायतार्थ "अपना घर आश्रम, आगरा" के तत्वावधान में दवा का नि:शुल्क वितरण किया जा रहा है। 48, न्यू राजामंडी स्थित अपना घर आश्रम पर इस दवा का वितरण सोमवार को सुबह 10:30 बजे होगा। आश्रम की मधु बंसल व कान्ता माहेश्वरी ने बताया कि यह दवा पूर्ण रूप से शाकाहारी हैदराबाद के प्रसिद्ध  जाने माने डॉ सुरेंद्र शर्मा की देखरेख में निर्मित होती है।यह दवा अस्थमा एवं एलर्जी के मामलों में काफी कारगर है। पिछले साल 8 जून  या 20 जून को  दवा ले चुके लोगों के लिए, यह दवा लेना बहुत जरूरी है। दवा के संदर्भ में  9719156250 तथा 9837888088 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
________________________________________
पंजाबी विरासत ने मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर बढ़ाया उत्साह
आगरा, 7 जून। पंजाबी विरासत परिवार द्वारा रविवार को होटल पूनम प्लाजा में आयोजित सम्मान समारोह में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं विशेष उपहार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में 55 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। 
कार्यक्रम में विशेष रूप से आगरा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को समाजसेवी सतपाल सिंह बत्रा द्वारा अपने स्वर्गीय माता-पिता की पावन स्मृति में आकर्षक उपहार भेंट किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए पंजाबी विरासत परिवार के अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज और राष्ट्र के विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देना हम सभी का दायित्व है। कार्यकारी अध्यक्ष अनिल वर्मा ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए गर्व का विषय हैं। महामंत्री बंटी ग्रोवर ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि पंजाबी विरासत समाज के बच्चों के भविष्य के लिए सदा प्रयत्नशील है।
सतीश अरोरा एवं प्रभात कृष्ण अरोरा चैरिटेबल सोसाइटी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ गिरधर शर्मा, संत बाबा प्रीतम सिंह, रानी सिंह, चरणजीत थापर, राजेन्द्र शर्मा, ओम सेठ, शीला बहल, वंदना कक्कड़, सन्नू बत्रा, सौभाग्य अरोरा, मोनिका सचदेवा, परमजीत सरना, समृद्धि अरोरा, अंजना आसिजा, रवि नारंग, गगन छाबड़ा, विकास मेहरा, हिमांशु सचदेवा, राज कुमार घई, सुनील बग्गा, राजेंद्र कत्याल आदि उपस्थित रहे।
________________________________________
दयालबाग शिक्षण संस्थान में लगा जॉब फेयर
आगरा, 07 जून। संस्कृत शब्द “स्वावलंबन” के कई अर्थों में से एक है “अपने पैरों पर खड़ा होना”। यही नाम दयालबाग शिक्षण संस्थान और Association of Alumni of Dayalbagh Educational Institutions (AADEIs) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित वार्षिक जॉब फेयर का भी है।
इस जॉब फेयर का मुख्य उद्देश्य छात्रों को सही करियर पथ चुनने में मदद करके उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा कंपनियों को मेहनती और योग्य कर्मचारी उपलब्ध कराना है।
शनिवार को हुए इस वर्ष के स्वावलंबन जॉब फेयर में लगभग 35 कंपनियों और 302 छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी कंपनियों ने बिना किसी शुल्क के हिस्सा लिया। इसमें होंडा मोटरसाइकिल्स, जुबिलेंट फूडवर्क्स, ईज़ माई ट्रिप, यस बैंक, एनकाम, बसंत ओवरसीज, एनआरएल ग्रुप, सिल्वर एपैरल्स, एसएबीएस एक्सपोर्ट्स, अवांति जैसी प्रतिष्ठित कंपनियाँ शामिल थीं। इस जॉब फेयर में विभिन्न कोर्सों के छात्रों ने भाग लिया। इनमें बीकॉम, बीबीए, ऑफिस मैनेजमेंट, टेक्सटाइल कोर्सेज (सर्टिफिकेट, डिप्लोमा एवं बी.वोक), इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, वेल्डर, फिटर, मोटर व्हीकल मैकेनिक आदि शामिल थे।
स्वावलंबन जॉब फेयर का शानदार परिणाम रहा। कुल 302 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से 237 छात्रों का विभिन्न कंपनियों में चयन हो गया। विशेष रूप से ऑफिस मैनेजमेंट के 120, इलेक्ट्रीशियन/वायरमैन/मोटर व्हीकल मैकेनिक के 75 और टेक्सटाइल कोर्स के 32 छात्रों को नौकरी मिली।
________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments