Agra News: खबरें आगरा की...
मौलिक अधिकार एवं रिमांड विशेषज्ञों ने दिए व्याख्यान
आगरा, 25 जून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित लीगल एड क्लिनिक इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत "मौलिक अधिकार एवं रिमांड संबंधी विधि" विषय पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान का आयोजन किया गया।
मुख्य वक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पंकज कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकार प्रत्येक नागरिक की स्वतंत्रता, समानता एवं गरिमा की रक्षा के आधार हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर अगम दीक्षित, प्रोफेसर शशिकांत पांडे, डॉ.अरुण कुमार दीक्षित ने भी विचार व्यक्त किए। बांके बिहारी एजुकेशनल सोसाइटी अध्यक्ष डॉ.मदन मोहन शर्मा ने सभी का स्वागत किया।
_________________________________________
तीन मैचों की श्रृंखला में आरबीएस बी की पहली जीत
आगरा, 25 जून। आर. बी. एस. इंटर कॉलेज क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों के मध्य तीन मैचों की शृंखला का प्रथम मैच आर. बी. एस. बी ने आर. बी. एस. ए को 30 रन से हराकर जीत लिया।
निर्धारित 40 ओवरों के मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए आर. बी. एस. बी की पूरी टीम 25.3 ओवर में 154 रन बनाकर आउट हो गई। शशांक ने 29, आज़ाद ने 19 व शुभम चाहर ने 15 रन बनाये। आर. बी. एस ए की ओर से गेंदबाजी करते हुए ईशान एवं गौरव दिवाकर ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करते हुए आर. बी. एस. ए की पूरी टीम 26.3 ओवरों में 124 रन बनाकर आउट हो गई। कृष्ण मिश्रा ने 5 चौक्कों व 1 छक्के की मदद से 42 रन बनाये। आयन ने 21 एवं कृषांश ने 13 रन बनाये। अनिकेत यादव ने 4 ओवरों में मात्र 6 रन देकर 3 विकेट लिए। प्रणव भारद्वाज ने 2 विकेट लिए। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार अनिकेत यादव को आर. बी. एस. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर विवेक वीर सिंह ने प्रदान किया।
मैच के दौरान आगरा डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रकाश कौशल, आयोजन सचिव फ़ैसल रईस , बी. सी.सी. आई. कोच विवेक यादव, पूर्व क्रिकेटर नवीन गोस्वामी, पूर्व क्रिकेटर राव हरेंद्र सिंह, नागेश पंडित, कमेंटेटर नरेंद्र शर्मा , डॉ चंद्रशेखर शर्मा उपस्थित थे।
_________________________________________
350 पेटी अवैध शराब बरामद
आगरा, 25 जून। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए करीब 50 लाख रुपये कीमत की 350 पेटी अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि नेटवर्क से जुड़े दो मुख्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कैंटर और एक कार के जरिए भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर ट्रांस यमुना पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कैंटर से 325 पेटी और ब्रेजा कार से 25 पेटी शराब बरामद हुई। शराब की पेटियों को छिपाने के लिए उन पर धान की भूसी के बोरे रखे गए थे, ताकि पुलिस और अन्य एजेंसियों की नजर से बचा जा सके। पूछताछ में खुलासा हुआ कि बरामद शराब पंजाब में निर्मित थी और उसे हरियाणा के सोनीपत से झारखंड भेजा जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि यह पूरी खेप शराब कारोबारी भूपेंद्र दहिया के निर्देश पर भेजी जा रही थी। वहीं दीपक नामक व्यक्ति पूरे नेटवर्क का संचालन और निगरानी कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बभूतराम निवासी बाड़मेर (राजस्थान), अनिल कुमार निवासी पानीपत (हरियाणा) और जगदीप निवासी पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। बभूतराम कैंटर चालक बताया गया है, जबकि अन्य आरोपी सप्लाई चेन और समन्वय का काम देख रहे थे।
_________________________________________
भाजपा छह जुलाई तक मनाएगी सेवा पखवाड़ा
आगरा, 25 जून। जनसंघ के संस्थापक डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के बलिदान दिवस 23 जून से लेकर 6 जुलाई जन्म दिवस तक भाजपा हर जिले में सेवा पखवाड़ा मनायेगी।
महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक में यह जानकारी दी। विधायक डॉ जी एस धर्मेश ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की। अभियान का संयोजक महामंत्री नीतेश शिवहरे, सह संयोजक राजू परमार, अंकित शर्मा, माधुरी माहोर को बनाया गया। बैठक में महामंत्री महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, मनवीर चौहान, राजू परमार,बराहुल सागर, नवीन गौतम, मनमोहन कुशवाह, अतुल गर्ग, निधि शर्मा, रोहित कत्याल, अनिल सारस्वत, विक्रांत तिवारी, विकास भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।
_________________________________________
श्रीधर शर्मा स्मृति स्वर ताल उत्सव और नवरत्न सम्मान समारोह 27 को
आगरा, 25 जून। पंडित श्रीधर शर्मा स्मृति स्वर ताल उत्सव और नवरत्न सम्मान समारोह केंद्रीय हिंदी संस्थान के सभागार में 27 जून को सांयकाल पांच बजे से होगा, जिसमें आगरा और देश के अन्य प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर एक नवरत्न सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक और ताल सरगम अकादमी के निदेशक रविन्द्र सिंह ने बताया कि उद्घाटन मुख्य अतिथि मेवाड़ यूनिवर्सिटी, चित्तौड़गढ़, राजस्थान की फाइन आर्ट्स, म्यूजियम, आर्ट कल्चर की डायरेक्टर जनरल प्रो. (डॉ.) चित्रलेखा सिंह, केंद्रीय हिंदी संस्थान के कार्यवाहक निदेशक प्रो. (डॉ.) हरीशंकर सिंह, आकाशवाणी, आगरा के निदेशक अनेन्द्र सिंह करेंगे। संस्था द्वारा आगरा नवरत्न सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें आगरा की कला, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़ी शख्शियतों का सम्मान किया जायेगा।
संस्था के संरक्षक प्रो.(डॉ.) रवि भटनागर, अध्यक्ष नीलम पाल, महासचिव करण प्रताप, श्रुति सिन्हा, डॉ. महेश चंद्र धाकड़, हीरा सिंह और कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला ने कार्यक्रम के पोस्टर का भी विमोचन किया।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments