Agra News: खबरें आगरा की.....

बाह में पीड़ित सर्राफा कारोबारी से मिले सपा नेता, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
आगरा 17 जून। जिले की बाह तहसील के कस्बे जरार में सर्राफा कारोबारी अमरीश गुप्ता के घर पर हथियारबंद बदमाशों द्वारा लाखों की लूट और हमले की सूचना मिलने पर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव व आगरा मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने पीड़ित व्यापारी के आवास पर व्यापार सभा के पदाधिकारी के साथ पहुंचकर मुलाकात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
सपा व्यापार सभा ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि जिले और शहर में लगातार व्यापारी समाज को अपराधी निशाना बना रहे हैं। आए दिन लूट, हत्या और डकैती जैसी जघन्य वारदातें हो रही हैं, जिससे व्यापारी और उनका परिवार भय व दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है। विशेष रूप से सर्राफा व्यापारी सबसे ज्यादा आपराधिक घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। मनोज गुप्ता ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन व्यापारियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम है। समाजवादी व्यापार सभा ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पीड़ित व्यापारी अमरीश गुप्ता के साथ हुई इस अति गंभीर घटना का शीघ्र खुलासा किया जाए, अपराधियों को जेल भेजा जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। साथ ही आगरा जिले के सभी कस्बों में पुलिस गश्त, पिकेट और सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल बढ़ाया जाए।
मुलाकात के दौरान प्रमुख रूप से राकेश अग्रवाल (प्रदेश सचिव), गिरीश गोयल (महानगर कोषाध्यक्ष), राजेश गुप्ता (कार्यकारिणी सदस्य), संजीव पोरवाल (जिलाध्यक्ष) जवाहरलाल अग्रवाल, उपेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
________________________________________
संजय प्लेस के व्यापारियों ने दिया ज्ञापन 
आगरा। संजय प्लेस व्यापारी एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मुलाकात कर मार्केट में हाल ही में हुई मारपीट की घटना, व्यापारियों की सुरक्षा, बढ़ती असामाजिक गतिविधियों तथा व्यापारियों को मिल रही धमकियों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को हालिया घटना की जानकारी देते हुए उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। संजय प्लेस व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र परमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त का आभार व्यक्त किया।
________________________________________
जिला कारागार का शैक्षिक भ्रमण
आगरा, 17 जून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा एवं लीगल एड क्लीनिक, विधि संकाय, आगरा कॉलेज, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ग्रीष्मकालीन विधि इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत इंटर्न विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण जिला कारागार में आयोजित किया गया।
भ्रमण कार्यक्रम का उद्देश्य विधि छात्रों को कारागार प्रशासन, बंदियों के अधिकारों, सुधारात्मक न्याय प्रणाली तथा विधिक सहायता की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
इस अवसर पर कारागार अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के पुनर्वास कार्यक्रमों एवं विभिन्न सुधारात्मक गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में रवींद्र वर्मा, मृणाल, बांके बिहारी एजुकेशनल सोसाइटी अध्यक्ष डॉ मदन मोहन शर्मा, अधिवक्ता प्रमिला शर्मा इंटर्न छात्र-छात्राएं तथा जिला कारागार के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
________________________________________
कोई भी देश समाजवाद के बिना तरक्की नहीं कर सकता
आगरा, 17 जून। रमेश मिश्रा षष्ठम स्मृति दिवस वैचारिक मंथन -6 माथुर वैश्य सभागार, पचकुइयां में बुधवार को सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रारम्भ में रमेश मिश्रा के चित्र पर माल्यापन, पुष्पांजलि अर्पित की गईं। दिलीप रघुवंशी के नेतृत्व में भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) के कलाकारों ने जनगीत प्रस्तुत किये।
वैचारिक सभा के विषय "दुनिया की बदलती तस्वीर और भारतीय अर्थव्यवस्था के हालात" पर मुख्य वक्ता प्रख्यात अर्थशात्री डॉ जया मेहता, जोशी ने कहा कि दुनिया की अर्थव्यवस्था के सन्दर्भ में यदि हम देखते हैं तो पाते हैं कि कोई भी देश समाजवाद के बिना तरक्की नहीं कर सकता। भारतीय महिला फेडरेशन की राष्ट्रीय महासचिव निशा सिद्धू दिल्ली और राष्ट्रीय सचिव अरुणा सिन्हा दिल्ली,  विनीत तिवारी इंदौर, राष्ट्रीय सचिव, प्रगतिशील लेखक संघ ने भी विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता ओम प्रकाश प्रधान किसान सभा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य ने की। रमेश मिश्रा के सुपुत्र नीरज मिश्रा ने कई संस्मरण सुनाये। भाकपा के जिला मंत्री कामरेड पूरन सिंह, एस. के. खोसला आदि ने विचार रखे। धन्यवाद उप सचिव भाकपा मोहन सिंह ने दिया। संचालन दिलीप रघुवंशी ने किया।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments